चैनपुर (गुमला): संविधान दिवस के अवसर पर चैनपुर प्रखंड क्षेत्र में बुधवार को विभिन्न सरकारी कार्यालयों और थाना परिसरों में कार्यक्रम आयोजित कर भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त की गई। इस दौरान सरकारी कर्मियों और पुलिस जवानों ने संविधान के आदर्शों, मूल्यों एवं उसकी गरिमा की रक्षा करने के साथ अपने संवैधानिक दायित्वों का ईमानदारी से पालन करने का संकल्प लिया।
चैनपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रखंड एवं अंचल कर्मियों ने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सभी कर्मियों ने एकजुट होकर भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया और संविधान में निहित मूल्यों एवं अपने कर्तव्यों के पालन की शपथ ली।
यह भी पढ़ें: घर के अंदर चल रही थी मिनी गन फैक्ट्री, छापेमारी में हुआ खुलासा
कार्यक्रम के माध्यम से संविधान के महत्व, नागरिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। वहीं, प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में भी जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत ग्रामीणों को उनके संवैधानिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भूमिका की जानकारी दी गई।
दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन की ओर से भी संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। चैनपुर थाना परिसर में थाना प्रभारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने संविधान दिवस मनाया। वहीं, कुरुमगढ़ थाना परिसर में थाना प्रभारी दिनेश कुमार की अगुवाई में जवानों ने संविधान के प्रति निष्ठा और उसकी रक्षा करने की शपथ ली।
दोनों थाना प्रभारियों ने पुलिसकर्मियों को कानून के दायरे में रहकर निष्पक्षता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प दिलाया।
यह भी पढ़ें: संविधान दिवस पर चैनपुर में गूंजा विकसित भारत का संकल्प, 250 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त भारत का संदेश
संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से चैनपुर प्रखंड क्षेत्र में संविधान के सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और नागरिकों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
संबंधित खबरें
- #ट्रेंडिंग संविधान दिवस पर चैनपुर में गूंजा विकसित भारत का संकल्प, 250 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त भारत का संदेश
- #ट्रेंडिंग स्थापना दिवस प्रतियोगिता में चमके चैनपुर के विद्यार्थी, मेरी लकड़ा ने बढ़ाया हौसला
- #ट्रेंडिंग संविधान दिवस पर सदन में गूंजा मताधिकार और संघीय हक का सवाल
- #ब्रेकिंग न्यूज़ झारखंड कैबिनेट की बैठक 1 दिसंबर को, प्रोजेक्ट भवन में जुटेंगे मंत्री










