वाराणसी: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को वाराणसी पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और देश की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। इससे पहले दोनों नेताओं ने बाबा कालभैरव के मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया।
बाबा कालभैरव के दर्शन से शुरू हुआ मंदिर दौरा
उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के मंदिर पहुंचे। यहां दोनों ने विधि-विधान से पूजा की। मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
यह भी पढ़ें: काशी तमिल संगमम का भव्य आगाज, उपराष्ट्रपति और सीएम योगी ने किया उद्घाटन
इस दौरान मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारे लगाकर दोनों नेताओं का स्वागत किया। उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने भी हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
बाबा विश्वनाथ का किया अभिषेक
बाबा कालभैरव के दर्शन के बाद उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। यहां गर्भगृह में बाबा विश्वनाथ के ज्योतिर्लिंग का अभिषेक किया गया। दोनों नेताओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश के कल्याण, शांति और समृद्धि की कामना की।
दर्शन-पूजन के बाद दोनों नेता नमोघाट के लिए रवाना हो गए।
यह भी पढ़ें: काशी तमिल संगमम का भव्य शुभारंभ आज, एयरपोर्ट पर सीएम योगी ने किया उपराष्ट्रपति का स्वागत
काशी तमिल संगमम का करेंगे उद्घाटन
मंदिरों में दर्शन के बाद उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन नमोघाट पर आयोजित काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री भी मौजूद रहेंगे।
यह आयोजन 12 दिसंबर तक चलेगा। इस वर्ष इसकी थीम तमिल के प्राचीन ग्रंथ ‘तिरुक्कुरल’ की शिक्षाओं पर आधारित है।
तमिलनाडु से आएंगे 1750 प्रतिनिधि
काशी तमिल संगमम में शामिल होने के लिए तमिलनाडु से सात समूहों में कुल 1750 प्रतिनिधि वाराणसी पहुंचेंगे। प्रतिनिधियों के आने का सिलसिला शुरू हो चुका है। शुक्रवार रात 200 लोगों का पहला दल विशेष ट्रेन से वाराणसी पहुंचा।
बाकी प्रतिनिधि भी आने वाले दिनों में अलग-अलग समूहों में पहुंचेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के बीच पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और शैक्षणिक संबंधों को और मजबूत करना है।
संबंधित खबरें
- उत्तर प्रदेश काशी तमिल संगमम का भव्य आगाज, उपराष्ट्रपति और सीएम योगी ने किया उद्घाटन
- उत्तर प्रदेश काशी तमिल संगमम का भव्य शुभारंभ आज, एयरपोर्ट पर सीएम योगी ने किया उपराष्ट्रपति का स्वागत
- उत्तर प्रदेश मुरादाबाद-हरिद्वार हाईवे पर भीषण हादसा! रोडवेज बस-ट्रैक्टर की टक्कर में 4 की मौत
- उत्तर प्रदेश संसद-विधानसभाओं में 50% बढ़ेंगी सीटें! परिसीमन बिल पर CM योगी का बड़ा बयान









