अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
चैनपुर (गुमला)। उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर शुक्रवार को चैनपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने चैनपुर थाना क्षेत्र के छतरपुर एवं प्रेमनगर गांव में संदिग्ध ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान अवैध शराब निर्माण के अड्डों को ध्वस्त कर दिया गया तथा बड़ी मात्रा में महुआ शराब और शराब निर्माण सामग्री बरामद की गई। छापेमारी के दौरान टीम ने 13 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब जब्त की। इसके अलावा शराब निर्माण के लिए रखा गया लगभग 60 किलोग्राम चुलाई योग्य जावा महुआ भी बरामद किया गया। विभागीय अधिकारियों ने जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया ताकि उसका दोबारा उपयोग न हो सके। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण और बिक्री में संलिप्त तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। हिरासत में लेने के बाद उनके खिलाफ विभागीय नियमों के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई तथा जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को भविष्य में इस प्रकार के अवैध कारोबार से दूर रहने की सख्त चेतावनी देते हुए पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया। उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि अवैध शराब निर्माण या बिक्री की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

