फॉण्ट कनवर्टर NEW

शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक बंद, जानें वैकल्पिक रूट और पार्किंग व्यवस्था

गुरुनानक सत्संग शोभा यात्रा: 22 नवंबर को इन सड़कों से बचें, भारी और छोटे वाहनों पर सख्त पाबंदी

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: गुरुनानक जयंती के पावन अवसर से ठीक पहले 22 नवंबर 2026 को रांची में गुरुनानक सत्संग शोभा यात्रा निकाली जाएगी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यात्रा के सुचारु संचालन को देखते हुए रांची यातायात पुलिस ने शहर में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और तय नियमों का पालन कर व्यवस्था बनाने में सहयोग दें। आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।

भारी और छोटे मालवाहक वाहनों पर रोक

यातायात पुलिस की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 22 नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक शहर में भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इस दौरान भारी मालवाहक वाहन रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। इसके अलावा अन्य सामान्य नो-एंट्री समय पूर्ववत लागू रहेगा। वहीं, दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक शहर में सभी छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर भी रोक रहेगी।

प्रमुख चौराहों और मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध

शोभा यात्रा के दौरान शहर के कई संवेदनशील और व्यस्त इलाकों में वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी। दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक रेडियम चौक से शहीद चौक, फिरायालाल चौक, सर्जना चौक और रतन पीपी होते हुए सुजाता चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। इसी तरह दोपहर 2 बजे से शोभा यात्रा समाप्त होने तक पिस्का मोड़ से मेट्रो गली, दुर्गा मंदिर, न्यू मार्केट चौक, किशोरी यादव चौक, महावीर चौक और शहीद चौक तक वाहनों का आवागमन वर्जित रहेगा।
सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मेट्रो गली से बिरला मैदान तक केवल शोभा यात्रा में शामिल वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। वहीं, शाम 5 बजे से यात्रा की समाप्ति तक सुजाता चौक से गुरुनानक पब्लिक स्कूल पीपी कंपाउंड तक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। जरूरत पड़ने पर अन्य मार्गों को भी अल्प समय के लिए डायवर्ट या रोका जा सकता है।

वैकल्पिक मार्ग और श्रद्धालुओं की पार्किंग

शोभा यात्रा के दौरान सुजाता चौक से मेन रोड की ओर जाने वाले वाहन चालक रतन पीपी से दाएं मुड़कर कर्बला चौक होते हुए अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे। रांचीवासियों से दोपहर 2 बजे से यात्रा समाप्त होने तक बिरला मैदान, मेट्रो गली, दुर्गा मंदिर रोड, न्यू मार्केट चौक, किशोरी यादव चौक, महावीर चौक, शहीद चौक, फिरायालाल चौक, सर्जना चौक, काली मंदिर चौक, उल हाउस कटिंग, उर्दू लाइब्रेरी कटिंग, रतन पीपी चौक और सुजाता चौक रूट का कम से कम उपयोग करने की अपील की गई है। शोभा यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए रामविलास पेट्रोल पंप के बगल स्थित सुरजीत मोटर (पंजाबी) गैरेज और पेट्रोल पंप के सामने शारदा नंद बाल मंदिर स्कूल में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram