सीवान। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को सीवान जिले के दारौंदा प्रखंड स्थित चिंतामणपुर पहुंचे। यहां उन्होंने ममता मेडिकल कॉलेज में आयोजित व्हाइट कोट सेरेमनी में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण इलाज देने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निजी मेडिकल कॉलेजों की स्वास्थ्य सेवाएं सरकारी अस्पतालों से भी बेहतर होनी चाहिए। ममता मेडिकल कॉलेज ऐसा संस्थान बने, जहां मरीज खुद इलाज कराने आना पसंद करें। उन्होंने कॉलेज के चेयरमैन कौशल कुमार से कहा कि अगले दो-तीन वर्षों में संस्थान की व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाओं में बड़ा सुधार दिखना चाहिए।
यह भी पढ़ें: किशनगंज में पशुपालकों को मिली राहत, एक ही शिविर में 700 से अधिक पशुओं का इलाज
डॉक्टर बनना मानव सेवा का संकल्प
मुख्यमंत्री ने मेडिकल की पढ़ाई शुरू करने वाले छात्र-छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि डॉक्टर बनना केवल नौकरी या पेशा नहीं है, बल्कि मानव सेवा का बड़ा संकल्प है। विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा लेकर समाज और राज्य की सेवा करनी चाहिए।
2030 तक बिहार में तैयार होंगे 10 हजार डॉक्टर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में मेडिकल शिक्षा का तेजी से विस्तार हो रहा है। पहले राज्य में हर साल करीब 1300 विद्यार्थी एमबीबीएस की पढ़ाई कर पाते थे, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर लगभग 5 हजार हो गई है।
सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक हर साल 10 हजार डॉक्टर तैयार करना है। इसके लिए अगले तीन वर्षों में 15 नए मेडिकल कॉलेजों के विकास और 16 ग्रीनफील्ड मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की योजना है। इस तरह राज्य में कुल 31 मेडिकल कॉलेज विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह भी पढ़ें: बिहार में सजेगा खेलों का महाकुंभ! विश्व कप से मैराथन तक, CM सम्राट का रोडमैप तैयार
2027 में शुरू होगा सीवान का सरकारी मेडिकल कॉलेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीवान देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जन्मभूमि है। यहां मेडिकल कॉलेज का खुलना जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि सीवान में बन रहे सरकारी मेडिकल कॉलेज को वर्ष 2027 में जनता को समर्पित करने की योजना है।
गरीबों को मिल रही पांच लाख तक इलाज की सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जिला अस्पतालों को मजबूत बना रही है, ताकि मरीजों को छोटी बीमारियों के इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में रेफर न करना पड़े। अस्पतालों में ऑपरेशन की संख्या बढ़ाना भी सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा मिल रही है।
एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लिए समृद्ध बिहार बनाना जरूरी है। इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाना है, ताकि युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़े।
कार्यक्रम में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं विधायक मंगल पांडे, महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, सीवान सांसद विजयलक्ष्मी कुशवाहा, दारौंदा विधायक कर्णजीत सिंह, राहुल तिवारी समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
- बिहार किशनगंज में पशुपालकों को मिली राहत, एक ही शिविर में 700 से अधिक पशुओं का इलाज
- बिहार बिहार में सजेगा खेलों का महाकुंभ! विश्व कप से मैराथन तक, CM सम्राट का रोडमैप तैयार
- बिहार IPS के नए बैच को CM सम्राट चौधरी का मंत्र, जनता से जुड़ें, अपराध पर कसें लगाम
- बिहार बागवानी करने वालों को सरकार देगी 2 लाख, मंत्री विजय सिन्हा ने बताई पूरी योजना







