फॉण्ट कनवर्टर NEW

पूर्वी सिंहभूम में ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ शुरू, डीसी ने वाहनों को रवाना किया

Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम में शुक्रवार से लोगों की सुविधाओं को सीधे उनके दरवाज़े तक पहुंचाने की एक बड़ी पहल शुरू हुई। “आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार” कार्यक्रम के पहले चरण के तहत 21 से 28 नवंबर तक ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ की औपचारिक शुरुआत हुई।

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम में शुक्रवार से लोगों की सुविधाओं को सीधे उनके दरवाज़े तक पहुंचाने की एक बड़ी पहल शुरू हुई। “आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार” कार्यक्रम के पहले चरण के तहत 21 से 28 नवंबर तक ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ की औपचारिक शुरुआत हुई। जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने समाहरणालय परिसर में 10 विशेष जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर पूरे अभियान को आगे बढ़ाया। ये वाहन गांव-गांव जाकर लोगों को बताएंगे कि झारखंड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम, 2011 के तहत उन्हें कौन-कौन सी सेवाएं समयसीमा के अंदर मिलती हैं।

जागरूकता बढ़ाने पर जोर

उपायुक्त ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि इस साल का मुख्य थीम “झारखंड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम, 2011” है। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि पंचायत स्तर पर लगने वाले शिविरों में मिलने वाले हर आवेदन का तय समय में निपटारा होना चाहिए। उनका कहना था कि प्रशासन की यह कोशिश रहेगी कि कोई भी पात्र नागरिक सरकारी सेवा से वंचित न रहे। सेवा-समयसीमा, शिकायत निवारण प्रक्रिया और सरकारी लाभों की पारदर्शिता इस अभियान का मूल उद्देश्य है।

शिविरों में मिलेंगी जरूरी सेवाएं

जिला प्रशासन के मुताबिक, इस सप्ताह चलने वाले शिविरों में जाति, आवासीय और आय प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेजों पर खास प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नया राशन कार्ड, दाखिल-खारिज, भूमि मापी और भूमि धारण प्रमाण पत्र से जुड़े आवेदन भी तेजी से निपटाए जाएंगे। प्रशासन का मानना है कि ग्रामीण इलाकों में सबसे ज्यादा आवश्यकता इन्हीं सेवाओं की होती है, इसलिए इन्हें शीर्ष प्राथमिकता में रखा गया है।

प्रखंडों में भी छाई रही रौनक

जिले के अलग-अलग प्रखंडों में भी सेवा शिविरों का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ। चाकुलिया प्रखंड के बड़ामारा पंचायत में विधायक समीर मोहंती ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। मौके पर एसडीएम सुनील चंद्र, पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय अधिकारी उपस्थित थे।

पोटका प्रखंड में विधायक संजीव सरदार ने ग्रामीणों से कहा कि वे सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं और शिविरों में जाकर जरूरी दस्तावेज बनवाएं। जमशेदपुर सदर प्रखंड के बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत में उप विकास आयुक्त ने लाभुकों को स्वीकृति पत्र वितरित किए। बहरागोड़ा के गोपालपुर पंचायत में भी परिसंपत्तियों और स्वीकृति पत्र का वितरण किया गया।

लोगों से आग्रह

उपायुक्त ने जिले के सभी लोगों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी शिविर में जाकर उपलब्ध सेवाओं का समयबद्ध फायदा जरूर उठाएं। उनका कहना था कि प्रशासन की यह पूरी कोशिश है कि हर नागरिक तक सरकारी सुविधाएं आसानी से और जल्दी पहुंचे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram