फॉण्ट कनवर्टर NEW

दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था के बीच रेलवे का फैसला, तेजस राजधानी और शिवगंगा एक्सप्रेस भी रद्द

दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के कारण रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश से दिल्ली आने-जाने वाली कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इनमें राजधानी, शताब्दी, हमसफर और तेजस

अपनी भाषा में पढ़ें

नई दिल्ली : दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के कारण रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश से दिल्ली आने-जाने वाली कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इनमें राजधानी, शताब्दी, हमसफर और तेजस राजधानी जैसी प्रमुख ट्रेनें भी शामिल हैं। इस फैसले से प्रयागराज, कानपुर, बनारस और आसपास के शहरों से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई है।

दरअसल, दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जाना है। इसे देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। रेलवे के अनुसार, 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से जुड़ी कई ट्रेनों का परिचालन रद्द रहेगा।

प्रयागराज और कानपुर की प्रमुख ट्रेनें रद्द

रेलवे के फैसले से प्रयागराज से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। प्रयागराज एक्सप्रेस (12417), हमसफर एक्सप्रेस (12275) और प्रयागराज-शकूरबस्ती स्पेशल (02417) को रद्द किया गया है। वहीं, कानपुर सेंट्रल से नई दिल्ली जाने वाली श्रमशक्ति एक्सप्रेस (12451) और शताब्दी एक्सप्रेस (12033) भी नहीं चलेंगी।

तेजस राजधानी और शिवगंगा एक्सप्रेस भी सूची में

रद्द की गई ट्रेनों में तेजस राजधानी एक्सप्रेस (12309) और बनारस-नई दिल्ली शिवगंगा एक्सप्रेस (12559) भी शामिल हैं। इसके अलावा मानिकपुर-हजरत निजामुद्दीन संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12447), आगरा कैंट-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस (14211), प्रयागराज-दिल्ली स्पेशल (02275) और दिल्ली-प्रयागराज स्पेशल (02276) का परिचालन भी रद्द किया गया है।

ईएमयू और मेमू ट्रेनों पर भी असर

लंबी दूरी की ट्रेनों के साथ दिल्ली और आसपास के शहरों के बीच चलने वाली लोकल ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं। दनकौर-दिल्ली, खुर्जा-गाजियाबाद, अलीगढ़-दिल्ली और खुर्जा-शकूरबस्ती ईएमयू के अलावा हाथरस किला-दिल्ली मेमू ट्रेन भी रद्द की गई है। आगरा फोर्ट-गाजियाबाद, कोसीकलां-गाजियाबाद, गाजियाबाद-मथुरा और टुंडला-दिल्ली रूट की कुछ सेवाएं भी प्रभावित हैं।

यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जांचने की सलाह

प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की ओर से सतर्कता बरती जा रही है। आशंका है कि बड़ी संख्या में लोगों के दिल्ली पहुंचने से यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर दबाव बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए रेलवे ने ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है।

अचानक ट्रेनें रद्द होने से यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें। खासकर नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन जाने वाले यात्री यात्रा की पुष्टि करने के बाद ही घर से निकलें।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram