नगर आयुक्त के निरीक्षण के बाद हुई कार्रवाई
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने एजी मोड़ से डोरंडा थाना होते हुए झंडा चौक तक निरीक्षण किया था। इस दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण, दुकानों का सड़क तक विस्तार, नालियों पर अवैध निर्माण और बेतरतीब पार्किंग की समस्या सामने आई थी।
इससे सड़क पर जाम लगने और लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया।
चेतावनी के बाद हटाए गए अवैध ढांचे
नगर निगम की इनफोर्समेंट टीम ने पहले अनाउंसमेंट कर दुकानदारों और अतिक्रमण करने वालों को अवैध ढांचे खुद हटाने की चेतावनी दी। इसके बाद एजी मोड़ से झंडा चौक तक अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान 50 से अधिक अस्थायी ढांचे, एक अवैध खटाल और नालियों पर किए गए अवैध विस्तार को हटाया गया।
दुर्गा पूजा में जाम से राहत दिलाने की तैयारी
नगर निगम के अनुसार, दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शहर के पूजा पंडालों में पहुंचते हैं। ऐसे में सड़कों पर अतिक्रमण होने से जाम की समस्या बढ़ सकती है।
इसी को देखते हुए निगम सड़कों को खाली कराने और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने में जुटा है, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को परेशानी न हो।
दोबारा अतिक्रमण करने पर होगी कार्रवाई
नगर निगम ने दुकानदारों को चेतावनी दी है कि सार्वजनिक सड़कों और नालियों पर दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम ने कहा कि शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस दौरान अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, नगर प्रबंधक और नगर निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।



