सरकारी सहायता जल्द उपलब्ध कराने का अधिकारियों को निर्देश, पेयजल पाइपलाइन की लीकेज तत्काल दुरुस्त कराने को कहा
के. दुर्गा राव। कपाली
ईचागढ़। ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने सोमवार को कपाली के ताज नगर स्थित टी एंड बी हॉस्पिटल पहुंचकर पिछले दिनों अतिवृष्टि के कारण घर गिरने की घटना में घायल लोगों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। विधायक ने घायलों को अपने स्तर से आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
इस दौरान विधायक ने चांडिल बीडीओ-सह-अंचलाधिकारी तालेश्वर रविदास तथा कपाली नगर परिषद के सिटी मैनेजर शकील अनवर मेंहदी को सरकारी प्रावधानों के तहत घायलों एवं प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इसके बाद विधायक सविता महतो ने कपाली के मिल्लत नगर स्थित वार्ड संख्या-2 में घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पानी की पाइपलाइन लीकेज की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान वार्ड की महिलाओं ने विधायक को बताया कि फॉरेस्ट पानी टंकी से होने वाली जलापूर्ति की पाइपलाइन कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है, जिससे लगातार पानी का रिसाव हो रहा है और नियमित जलापूर्ति प्रभावित हो रही है।
विधायक ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मौके से ही पीएचईडी विभाग के अधिकारियों से फोन पर बात की और पाइपलाइन की लीकेज को तत्काल दुरुस्त कराने तथा क्षेत्र में नियमित पेयजलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
आपदा प्रभावितों को हरसंभव सहायता प्राथमिकता : सविता महतो
विधायक सविता महतो ने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रभावित परिवारों और घायलों को सरकारी प्रावधानों के तहत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और प्रभावित लोगों को समय पर राहत पहुंचाने का निर्देश दिया।
मौके पर चांडिल सीओ तालेश्वर रविदास, झामुमो केंद्रीय सदस्य राजीव महतो उर्फ काबलू, सिटी मैनेजर शकील अनवर मेंहदी, कपाली नगर परिषद अध्यक्ष परवेज आलम उर्फ चांद, पूर्व उपाध्यक्ष सरवर आलम, झामुमो नेता मो. नौशाद, शेख फरीद, मो. अरशद, सैयद सलाउद्दीन, मो. मोहसिन खान सहित झामुमो के कई नेता, कार्यकर्ता एवं कपाली क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।




