New Delhi: दुनिया में सबसे खूबसूरत महिलाएं किस देश में निवास करती हैं, इसे लेकर एक नई अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया और वैश्विक मंचों पर खासी सुर्खियां बटोरी हैं। ट्रैवल प्लेटफॉर्म ‘मायटूर’ (MyTour) की ओर से जारी दुनिया भर के 20 देशों की खूबसूरत महिलाओं की इस सूची में रूस को पहला स्थान दिया गया है, जबकि वेनेजुएला दूसरे और भारत तीसरे पायदान पर काबिज है। खास बात यह है कि इस सूची में भारत ने अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, इटली और दक्षिण कोरिया जैसे विकसित देशों को भी पीछे छोड़ दिया है।
रूस और वेनेजुएला की स्थिति, विविधता से सजा भारत
रैंकिंग के मुताबिक, रूसी महिलाओं की खूबसूरती में यूरोपीय और एशियाई विशेषताओं का अनूठा मेल देखने को मिलता है, जिसे उनकी खास पहचान माना गया है। वहीं, दूसरे स्थान पर रहने वाला वेनेजुएला अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिताओं (Beauty Pageants) में अपनी मजबूत और शानदार मौजूदगी के लिए जाना जाता है, जहां की कई प्रतिभागियों ने मिस यूनिवर्स और अन्य ग्लोबल खिताब अपने नाम किए हैं।
भारत को इस प्रतिष्ठित सूची में तीसरा स्थान मिला है। मायटूर के अनुसार, भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और जातीय विविधता यहां की महिलाओं की खूबसूरती को एक अलग और अनूठी पहचान देती है। देश के विभिन्न राज्यों, भाषाओं, खानपान और समुदायों में पहनावे, शारीरिक बनावट और रहन-सहन की जो विविधता देखने को मिलती है, वही भारतीय समाज की खूबी है। पारंपरिक भारतीय परिधानों से लेकर आधुनिक फैशन तक, खूबसूरती के कई रूप यहां मौजूद हैं। यही विविधता भारत को शीर्ष तीन देशों में जगह दिलाने की मुख्य वजह बनी है।
शीर्ष 20 देशों की सूची और अन्य रैंकिंग
इस वैश्विक सूची में अर्जेंटीना चौथे, सर्बिया पांचवें, स्वीडन छठे, कोलंबिया सातवें, फ्रांस आठवें और इटली नौवें स्थान पर है। इसके बाद नीदरलैंड दसवें, अमेरिका ग्यारवें, डेनमार्क बारहवें और ब्रिटेन तेरहवें स्थान पर है। कनाडा (चौदहवें), ऑस्ट्रेलिया (पंद्रहवें), फिलीपींस (सोलहवें), दक्षिण कोरिया (सत्रहवें), तुर्किये (अठारहवें), ब्राजील (उन्नीसवें) और यूक्रेन बीसवें नंबर पर रहा है।
मायटूर की वेबसाइट पर यह रैंकिंग 15 अक्टूबर 2026 को अपडेट की गई थी। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि इसे दुनिया की कोई आधिकारिक या वैज्ञानिक रैंकिंग नहीं माना जा सकता, क्योंकि इसके पीछे कोई विस्तृत वैज्ञानिक अध्ययन, प्रतिनिधि जनमत सर्वेक्षण या स्पष्ट अंक-आधारित पद्धति की जानकारी नहीं दी गई है। खूबसूरती हमेशा से एक व्यक्तिगत पसंद और सांस्कृतिक नजरिये का विषय रही है, और अलग-अलग संस्थाओं के सर्वे में इसके नतीजे भिन्न हो सकते हैं। उदाहरण के लिए, मई 2026 में ‘वर्ल्ड पॉपुलेशन रिव्यू’ की एक अन्य सूची में कोलंबिया को पहला और रूस को चौथा स्थान दिया गया था।








