फॉण्ट कनवर्टर NEW

मुआवजा भुगतान शिविर में पहुंचीं विधायक सबिता महतो

ग्रामीणों की मांग पर दो दिन बढ़ी शिविर की अवधि, प्रभावित रैयतों को शीघ्र भुगतान का निर्देश के. दुर्गा राव। सरायकेला ईचागढ़। लेपाटांड़ पंचायत भवन में सोमवार को पातकुम (एमडीआर-156) से पातकुम नहर तथा डुल्सीडीह से लाबा तक सड़क चौड़ीकरण, मजबूतीकरण एवं पुनर्निर्माण के लिए

अपनी भाषा में पढ़ें

ग्रामीणों की मांग पर दो दिन बढ़ी शिविर की अवधि, प्रभावित रैयतों को शीघ्र भुगतान का निर्देश

के. दुर्गा राव। सरायकेला

ईचागढ़। लेपाटांड़ पंचायत भवन में सोमवार को पातकुम (एमडीआर-156) से पातकुम नहर तथा डुल्सीडीह से लाबा तक सड़क चौड़ीकरण, मजबूतीकरण एवं पुनर्निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि के मुआवजा भुगतान को लेकर आयोजित शिविर में ईचागढ़ विधायक सबिता महतो पहुंचीं। उन्होंने प्रभावित रैयतों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया।

लेपाटांड़, पाटपुर एवं किस्टोपुर मौजा के भू-स्वामियों के लिए 13, 14 एवं 17 अगस्त को मुआवजा भुगतान शिविर निर्धारित किया गया था। ग्रामीणों की मांग और सुविधा को देखते हुए शिविर की अवधि दो दिन बढ़ाकर अब 18 एवं 19 अगस्त कर दी गई है।

विधायक सबिता महतो ने प्रभावित रैयतों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में आवश्यक दस्तावेज जमा कर प्रक्रिया पूरी करें, ताकि मुआवजा भुगतान में किसी प्रकार का अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने अधिकारियों से भी रैयतों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा।

सड़क निर्माण क्षेत्र की पुरानी मांग

विधायक ने कहा कि क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग ग्रामीणों की लंबे समय से रही है। सड़क के निर्माण एवं चौड़ीकरण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि लेपाटांड़ क्षेत्र मुंडारी खूंटकट्टी व्यवस्था के अंतर्गत आता है, इसलिए खूंटकट्टीदारों एवं मानकी के सहयोग और समन्वय से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जाना आवश्यक है।

जल्द दस्तावेज जमा करने की अपील

अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता ने भी प्रभावित भू-स्वामियों से अपील की कि वे जल्द से जल्द आवश्यक दस्तावेज जमा कर मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया पूरी कराएं। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भुगतान की कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा।

मौके पर अंचलाधिकारी दीपक प्रकाश, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, मुंडारी खूंटकट्टीदार सह ग्राम प्रधान मधूमती सिंह मानकी, भू-अर्जन विभाग के अरूप कुमार मोदक एवं पशुपति बागची, युवा प्रखंड अध्यक्ष स्वपन आदित्यदेव सहित सड़क निर्माण से जुड़े कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram