पिठोरिया-ठाकुरगांव मुख्य सड़क की मरम्मत की मांग, मुखिया ने सौंपा पत्र
पिठोरिया पंचायत की मुखिया मुन्नी देवी ने पिठोरिया-ठाकुरगांव मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर सड़क निर्माण विभाग के अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने सड़क की तत्काल मरम्मत एवं सड़क किनारे नाली निर्माण कराने की मांग की है। इस संबंध में विभाग को पत्र सौंपकर सड़क की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया गया।
पत्र में बताया गया है कि पिठोरिया-ठाकुरगांव मुख्य सड़क की वर्तमान स्थिति बेहद खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिसके कारण बरसात के दिनों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो रही है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
मुखिया ने बताया कि पिठोरिया पंचायत क्षेत्र में तीन स्कूल संचालित हैं। स्कूलों के सामने वाहनों की तेज रफ्तार के कारण बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है। उन्होंने स्कूलों के पास स्पीड ब्रेकर लगाने तथा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।




