Ranchi: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान जमशेदपुर ईस्ट विधानसभा क्षेत्र की ड्राफ्ट Jharkhand Voter List में तीन विदेशी नागरिकों के नाम दर्ज मिलने से निर्वाचन विभाग में हड़कंप मच गया है। दस्तावेजों के पुनरीक्षण के दौरान पकड़े गए ये तीनों व्यक्ति अफगान नागरिक पाए गए हैं, जिसके बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं।
Read more: झारखंड में SIR के तहत प्रारूप वोटर लिस्ट जारी, 4 सितंबर तक कर सकेंगे दावा और आपत्ति
Jharkhand Voter List विवाद: पासपोर्ट जांच में सामने आई असल पहचान
यह मामला जमशेदपुर ईस्ट के पोलिंग स्टेशन संख्या 286 का है, जहां क्रम संख्या 30, 31 और 33 पर आसिल खान, मोहम्मद असलम और मोहम्मद इब्राहिम के नाम दर्ज थे। गणना प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब संदिग्ध दस्तावेजों के आधार पर इन्हें नोटिस भेजकर साक्ष्य मांगे गए, तो ये कोई वैध भारतीय दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
वैध दस्तावेज नहीं दे सके तीनों व्यक्ति
निर्वाचन अधिकारियों द्वारा भेजे गए नोटिस का संतोषजनक जवाब न मिलने पर जब उनके पासपोर्ट की गहन जांच की गई, तो उनकी अफगान नागरिकता उजागर हुई। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि तीनों में से एक की विदेशी नागरिकता की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है, जबकि दो अन्य संदिग्ध पाए गए हैं।
वोटर लिस्ट से काटे गए नाम, दर्ज होगा आपराधिक मामला
प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से तीनों विदेशी नागरिकों के नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से हटा दिए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विदेशी नागरिकों को मतदाता सूची में जोड़ना गंभीर आपराधिक कृत्य है। इस प्रक्रिया में पर्दे के पीछे रहकर मदद करने वाले नेटवर्क और स्थानीय लोगों की पहचान कर उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read more: झारखंड में SIR: 25 अगस्त से घर आएंगे BLO, मतदाता सूची में ऐसे होगी जांच
पूरे परिवार के दस्तावेजों और अन्य जिलों की होगी पड़ताल
उपायुक्त और एसएसपी जमशेदपुर को इस पूरे मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। आयोग अब संबंधित व्यक्तियों के परिवार के अन्य सदस्यों की नागरिकता और दस्तावेजों की भी जांच कर रहा है, ताकि राज्यभर में इस प्रकार के अन्य संदिग्ध मामलों का पता लगाया जा सके।




