फॉण्ट कनवर्टर NEW

झारखंड में SIR के तहत प्रारूप वोटर लिस्ट जारी, 4 सितंबर तक कर सकेंगे दावा और आपत्ति

2.21 करोड़ मतदाता सूचीबद्ध, 43.61 लाख अप्रारूपित फॉर्म की ASDD सूची जारी

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय, झारखंड द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तहत प्रारूप मतदाता सूची (Draft Electoral Roll) का औपचारिक प्रकाशन कर दिया गया है। 1 अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि के संदर्भ में जारी इस प्रारूप सूची में कुल 2,21,01,249 पात्र मतदाताओं के नाम सम्मिलित किए गए हैं। इनमें 1,12,06,755 पुरुष, 1,08,94,234 महिला तथा 260 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

गणना चरण और भागीदारी

30 जून से 29 जुलाई 2026 तक चले गहन गणना (Enumeration) चरण के दौरान कुल 2.64 करोड़ मतदाताओं में से 83.51% (2,21,01,249) मतदाताओं के गणना फॉर्म (EF) प्राप्त कर उनका डिजिटलीकरण पूरा कर लिया गया। इस प्रक्रिया में राज्य के सभी 24 जिलों के निर्वाचन तंत्र, 29,571 बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) तथा 77,430 बूथ लेवल एजेंटों (BLA-2) ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

ASDD सूची और पारदर्शी प्रक्रिया

विस्तृत जांच और तीन चरणों की BLA2-BLO बैठकों के बाद कुल 43,61,987 ऐसे गणना फॉर्म की पहचान की गई जिन्हें एकत्र नहीं किया जा सका। इन्हें ‘ASDD’ (Absent, Shifted, Dead, Duplicate & Refused) श्रेणी में रखा गया है। इस सूची में:

  • मृत मतदाता: 7,63,903

  • स्थायी रूप से स्थानांतरित: 15,92,194

  • अनुपस्थित/अज्ञात मतदाता: 14,50,810

  • डुप्लिकेट/दोहरी प्रविष्टि: 4,38,596

  • हस्ताक्षर से इनकार/विदेशी व अन्य: 1,16,484

दावा एवं आपत्ति (Claims & Objections) की समय-सारणी

निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रारूप सूची में जिन पात्र नागरिकों का नाम छूट गया है या जो गणना फॉर्म जमा नहीं कर पाए थे, वे 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक फॉर्म-6 और निर्धारित घोषणा-पत्र जमा कर अपना नाम जुड़वा सकते हैं।

  • प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन: 5 अगस्त 2026

  • दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि: 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026

  • नोटिस एवं सुनवाई (सत्यापन अवधि): 5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026

  • अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन: 7 अक्टूबर 2026

युवा एवं सेवा मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था

18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के लिए राज्य भर में 8, 9, 22 और 23 अगस्त 2026 को शैक्षणिक संस्थानों में विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, 43,846 सेवा मतदाताओं (सशस्त्र बल व अर्द्धसैनिक बल) के लिए भी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण चलाया जा रहा है।

मतदान केंद्रों का युक्तिकरण

मतदाताओं की सुविधा के लिए राज्य भर में मतदान केंद्रों का पुनर्निर्धारण किया गया है। 2,389 नए बूथों की स्वीकृति और 68 बूथों के विलय के बाद अब राज्य में कुल 31,892 मतदान केंद्र हो गए हैं। आयोग ने सुनिश्चित किया है कि बिना उचित कानूनी प्रक्रिया, नोटिस और कारणयुक्त आदेश (Speaking Order) के किसी भी मतदाता का नाम सूची से नहीं हटाया जाएगा।

नागरिक अपनी स्थिति की जानकारी ऑनलाइन voters.eci.gov.in या ECINET ऐप के माध्यम से तथा ऑफलाइन अपने नजदीकी मतदान केंद्र/पार्टी BLA-2 से प्राप्त कर सकते हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram