फॉण्ट कनवर्टर NEW

झारखंड में SIR: 25 अगस्त से घर आएंगे BLO, मतदाता सूची में ऐसे होगी जांच

झारखंड में 25 अगस्त से 4 सितंबर तक SIR के तहत घर-घर मतदाता सत्यापन होगा, BLO नाम, पता और मतदान केंद्र की जानकारी की जांच करेंगे।

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत 25 अगस्त से ‘होम टू रोल वेरिफिकेशन’ अभियान शुरू होगा। यह अभियान 4 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं और उनके परिवार के सदस्यों के नाम व विवरण का सत्यापन करेंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सोमवार को बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य एक ही परिवार और घर में रहने वाले पात्र मतदाताओं के नाम यथासंभव एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज कराना है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

Read more: झारखंड में SIR के तहत प्रारूप वोटर लिस्ट जारी, 4 सितंबर तक कर सकेंगे दावा और आपत्ति

25 अगस्त से घर-घर पहुंचेंगे BLO

यह सत्यापन 5 अगस्त को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची के आधार पर किया जाएगा। BLO घर-घर जाकर यह जांच करेंगे कि परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज हैं या नहीं। जिन पात्र नागरिकों के नाम सूची में दर्ज नहीं हैं, उनके द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 और घोषणापत्र जमा किए जाने तथा उसके डिजिटाइजेशन की भी जांच की जाएगी।

एक परिवार के सदस्य अलग-अलग बूथ पर तो नहीं?

सत्यापन के दौरान यह भी देखा जाएगा कि एक ही परिवार के सदस्य अलग-अलग मतदान केंद्रों की मतदाता सूची में तो दर्ज नहीं हैं। यदि किसी मतदाता का नाम उसके सामान्य निवास से जुड़े मतदान केंद्र के बजाय किसी दूसरे मतदान केंद्र में दर्ज है, तो BLO उसे सही मतदान केंद्र में नाम स्थानांतरित कराने के लिए फॉर्म-8 भरने में मदद करेंगे।

Read more: SIR प्रक्रिया में तैनात BLO और सुपरवाइजरों को मिलेगा ₹6000 का एकमुश्त मानदेय

दूसरे राज्य की वोटर लिस्ट में नाम है तो क्या करें?

के. रवि कुमार के अनुसार झारखंड में सामान्य रूप से रहने वाले ऐसे मतदाता, जिनका नाम बिहार, पश्चिम बंगाल या किसी अन्य राज्य की मतदाता सूची में दर्ज है, वे भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नाम झारखंड के वर्तमान सामान्य निवास वाले मतदान केंद्र में स्थानांतरित करा सकते हैं। इसके लिए फॉर्म-8 और निर्धारित घोषणापत्र के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।

परिवारों में लगाया जाएगा ‘फैमिली टूगेदर’ स्टीकर

अभियान के दौरान परिवारों में ‘फैमिली टूगेदर’ स्टीकर भी लगाया जाएगा। इसके जरिए परिवार के सभी वयस्क और पात्र सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।

युवा मतदाता ऑनलाइन कर सकेंगे Form-6

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने नागरिकों से BLO को सहयोग करने और अपने तथा परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम एवं विवरण की जांच करने की अपील की है। युवा मतदाता ECINet के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सहायता के लिए 1950 हेल्पलाइन या ECINet के ‘बुक ए कॉल’ फीचर का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

Read more: झारखंड में SIR फॉर्म के नाम पर वसूली, मतदाताओं से सतर्क रहने की अपील

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram