फॉण्ट कनवर्टर NEW

जन्माष्टमी पर रांची में दही हांडी उत्सव, CM हेमंत सोरेन हुए शामिल

झारखंड में जन्माष्टमी का पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। रांची के मोरहाबादी मैदान में CM हेमंत सोरेन दही हांडी उत्सव में शामिल हुए और लोगों को शुभकामनाएं दीं।

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi: झारखंड में जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित दही हांडी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए मॉडल दही हांडी फोड़ी। मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और मंत्री दीपिका पांडेय सिंह भी मौजूद रहीं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लोगों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए हैं। हेमंत सोरेन ने कहा कि लोगों का उत्साह और लगातार बढ़ती भागीदारी जन्माष्टमी के पर्व को और खास बनाती है। उन्होंने लोगों से आगे भी मिल-जुलकर इस उत्सव को और समृद्ध बनाने तथा समाज को और मजबूत करने का आह्वान किया।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दीं शुभकामनाएं

जन्माष्टमी के अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन लोगों को सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि भगवान श्रीकृष्ण का संदेश लोगों के जीवन में सद्भाव, शांति और प्रेम लेकर आए तथा समाज में भाईचारा और सौहार्द मजबूत हो।

हेमंत सोरेन ने बताया प्रेम और न्याय का प्रतीक

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भी प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण केवल आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि प्रेम, करुणा, सत्य और न्याय के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण के आदर्श विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य और विवेक के साथ कर्तव्य के मार्ग पर बने रहने तथा सत्य का साथ देने की प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री ने सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि तथा झारखंड की निरंतर प्रगति की कामना की।

क्यों मनाई जाती है जन्माष्टमी?

पौराणिक मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मध्यरात्रि में मथुरा में हुआ था। जन्माष्टमी इसी अवसर पर मनाई जाती है। यह पर्व धर्म की स्थापना और अधर्म के विनाश के लिए भगवान श्रीकृष्ण के अवतरण की स्मृति से जुड़ा है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram