फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement

Advertisement

बोधगया की धरती पर पहुंचेंगे थाई छात्र, नालंदा से पटना तक देखेंगे विरासत

विदेश मंत्रालय के तत्वावधान में ICCR के स्टूडेंट्स विजिटर्स प्रोग्राम के अंतर्गत थाईलैंड के विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल 15 से 17 नवंबर 2026 तक बिहार के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दौर पर रहेगा।

अपनी भाषा में पढ़ें

Advertisement

Advertisement

New Delhi: थाईलैंड के 11 विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल विदेश मंत्रालय के तत्वावधान में भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के विद्यार्थी आगंतुक कार्यक्रम 2026-27 के अंतर्गत 15 से 17 नवंबर 2026 तक बिहार का दौरा करेगा। उल्लेखनीय है कि इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल थाई विद्यार्थी पुरातत्व विषय में स्नातक की पढ़ाई के दौरान भारतीय दूतावास, थाईलैंड के अधीन स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र, बैंकॉक में हिंदी का अध्ययन कर चुके हैं। इस यात्रा का उद्देश्य प्रतिनिधिमंडल को बिहार की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं बौद्धिक विरासत से परिचित कराना तथा भारत और थाईलैंड के बीच शैक्षिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करना है।

सांस्कृतिक परंपराओं और बौद्ध विरासत का अनुभव

यह दौरा प्रतिभागियों को राज्य की सांस्कृतिक परंपराओं का अनुभव करने, महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं बौद्ध संस्थानों को देखने तथा शैक्षणिक समुदाय के साथ संवाद करने का अवसर प्रदान करेगा। इससे उन्हें भारत की सभ्यतागत विरासत तथा समकालीन कला और शैक्षिक परिदृश्य को और गहराई से समझने में मदद मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल 15 नवंबर 2026 को गया पहुँचेगा और प्रमुख बौद्ध एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेगा। इनमें महाबोधि मंदिर शामिल है, जो यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है; थाई मठ, जो भारत और थाईलैंड के बीच सांस्कृतिक एवं धार्मिक संबंधों को दर्शाता है; तथा बोधगया स्थित पुरातत्व संग्रहालय, जहाँ इस क्षेत्र की समृद्ध बौद्ध विरासत से जुड़ी महत्वपूर्ण कलाकृतियाँ एवं प्राचीन वस्तुएँ संरक्षित हैं।

नालंदा विश्वविद्यालय में शैक्षणिक संवाद

सोलह नवंबर को प्रतिनिधिमंडल विदेश मंत्रालय के तत्वावधान में राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय में आयोजित एक शैक्षणिक कार्यक्रम में भाग लेगा। इस दौरान नालंदा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सचिन चतुर्वेदी के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक समुदाय के साथ संवाद आयोजित किया जाएगा, जिसमें शिक्षा, भाषा, संस्कृति एवं साझा ऐतिहासिक संबंधों से जुड़े विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा। इस संवाद के माध्यम से आगंतुक विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों को शिक्षा के एक विख्यात केंद्र के रूप में नालंदा की स्थायी विरासत तथा अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने में इसकी निरंतर भूमिका से परिचित कराया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल नालंदा महाविहार के पुरातात्विक अवशेषों का भी भ्रमण करेगा।

पटना में विरासत और कला का अवलोकन

सत्रह नवंबर को प्रतिनिधिमंडल पटना स्थित प्रसिद्ध बिहार संग्रहालय का भ्रमण करेगा और राज्य के पुरातात्विक खजाने, ऐतिहासिक संग्रहों तथा सांस्कृतिक विरासत का अवलोकन करेगा। इसके बाद संग्रहालय के पुरातत्वविदों की टीम के साथ संवाद आयोजित किया जाएगा। थाई प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी पटना स्थित जीवंत सांस्कृतिक केंद्र आर्टशिला द्वारा भी की जाएगी, जहां वे दृश्य कला प्रदर्शनियों का अवलोकन करेंगे। इसके अतिरिक्त, प्रतिनिधिमंडल पटना संग्रहालय का भी दौरा करेगा। बिहार दौरे से पहले प्रतिनिधिमंडल 12 से 14 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली और आगरा में कई शैक्षिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग ले चुका है।

सांस्कृतिक कूटनीति को बढ़ावा देने की पहल

स्टूडेंट्स विजिटर्स प्रोग्राम शिक्षा के माध्यम से सांस्कृतिक कूटनीति को बढ़ावा देने के लिए ICCR की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके अंतर्गत प्रतिवर्ष भारतीय विषयों “जैसे योग, आयुर्वेद, बौद्ध अध्ययन, हिंदी, संस्कृत और अन्य भारतीय भाषाओं” का अध्ययन कर रहे उत्कृष्ट विदेशी विद्यार्थियों को भारत का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करने के लिए आमंत्रित किया जाता है। थाई प्रतिनिधिमंडल का बिहार दौरा शिक्षा, विरासत और सार्थक शैक्षणिक सहभागिता के माध्यम से जन-जन के बीच संबंधों को सुदृढ़ करने तथा भारत की सांस्कृतिक पहुंच का विस्तार करने के आईसीसीआर के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram