अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Dambulla, Sri Lanka: भारत-ए और श्रीलंका-ए के बीच खेले गए त्रिकोणीय वनडे सीरीज के चौथे मुकाबले में क्रिकेट प्रशंसकों को आखिरी गेंद तक रोमांच देखने को मिला। निर्धारित 50 ओवरों के बाद दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहा, जिसके बाद मैच का फैसला सुपर ओवर में हुआ। इस रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका-ए ने भारत-ए को मात देकर जीत अपने नाम कर ली।
रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत-ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए। वैभव सूर्यवंशी 21 रन और प्रभसिमरन सिंह 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन तिलक के 23 रन पर आउट होते ही भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ा गई।
एक समय भारत-ए ने 143 रन पर सात विकेट गंवा दिए थे। मुश्किल परिस्थितियों में विपराज निगम और सूर्यांश शेडगे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए आठवें विकेट के लिए 104 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। विपराज ने 51 रन बनाए, जबकि सूर्यांश शेडगे ने 66 गेंदों में 72 रन की बेहतरीन पारी खेलकर टीम को 265 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। श्रीलंका-ए की ओर से मोहम्मद शिराज और विजयकांत वियासकांत ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।
266 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका-ए को शुरुआत से ही बढ़त मिल गई, क्योंकि भारतीय टीम पर पेनाल्टी के रूप में 10 रन लगाए गए थे। सलामी बल्लेबाज अविष्का फर्नांडो और निरोशन डिकवेला ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम को तेज शुरुआत दिलाई। बाद में सदीरा समरविक्रमा ने शानदार 93 रन की पारी खेलकर जीत की उम्मीदें कायम रखीं।
मुकाबला अंतिम ओवर तक पहुंचा, जहां श्रीलंका-ए को जीत के लिए पांच रन चाहिए थे। भारतीय गेंदबाज अरशद खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए केवल चार रन खर्च किए और मैच को टाई करा दिया। इसके बाद सुपर ओवर में श्रीलंका-ए ने 16 रन बनाए।
जवाब में भारत-ए की टीम दबाव में नजर आई और छह गेंदों में केवल 10 रन ही बना सकी। इस तरह सुपर ओवर में श्रीलंका-ए ने यादगार जीत दर्ज कर ली। भारत-ए अब 17 जून को इसी मैदान पर अफगानिस्तान-ए के खिलाफ अपना अगला मुकाबला खेलेगी, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल 21 जून को आयोजित होगा।
Read more: अहमदाबाद में तिरंगे का परचम: भारत ने न्यूजीलैंड को रौंदकर जीता वर्ल्ड कप

