फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement
Advertisement

INDIA Rally का दिल्ली के बाजारों पर असर, दीपावली की खरीदारी में आई गिरावट

नई दिल्ली में रविवार को रामलीला मैदान में आयोजित INDIA की रैली का असर दिल्ली के प्रमुख बाजारों में देखने को मिला। दीपावली से पहले जहां बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद थी, वहीं कई इलाकों में दुकानें खाली नजर आईं। कनॉट प्लेस,

अपनी भाषा में पढ़ें

Advertisement

नई दिल्ली : नई दिल्ली में रविवार को रामलीला मैदान में आयोजित INDIA की रैली का असर दिल्ली के प्रमुख बाजारों में देखने को मिला। दीपावली से पहले जहां बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद थी, वहीं कई इलाकों में दुकानें खाली नजर आईं। कनॉट प्लेस, पालिका बाजार, जनपथ, सुपर बाजार और चावड़ी बाजार में ग्राहकों की संख्या काफी कम रही। इससे व्यापारियों को त्योहार के सीजन में नुकसान उठाना पड़ा।

कनॉट प्लेस में नहीं दिखी रौनक

रैली का सबसे ज्यादा असर कनॉट प्लेस और आसपास के बाजारों में देखने को मिला। कारोबारियों के मुताबिक, यहां रविवार को कारोबार सामान्य दिनों के मुकाबले काफी कम रहा। रात तक बिक्री करीब 40 प्रतिशत तक ही पहुंच सकी।

रैली स्थल के पास होने के कारण कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। बाजार के गलियारों और पार्किंग में भी सन्नाटा दिखाई दिया। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के अनुसार, रामलीला मैदान के आसपास के करीब 20 बाजारों में लगभग 11 हजार करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ।

पांच लाख की जगह पहुंचे सिर्फ एक लाख खरीदार

CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि आमतौर पर रविवार को त्योहारी खरीदारी के लिए करीब पांच लाख लोग दिल्ली के बाजारों में पहुंचते हैं। लेकिन रैली के कारण रविवार को यह संख्या घटकर लगभग एक लाख रह गई।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के आसपास के शहरों से आने वाले छोटे दुकानदार भी बाजारों तक नहीं पहुंच सके। कई व्यापारियों ने सुरक्षा और भीड़ की आशंका के कारण दिल्ली आने से परहेज किया।

दीपावली के बाद रैली कराने की हुई थी मांग

व्यापारी संगठनों ने पहले ही राजनीतिक दलों से रैली को दीपावली के बाद आयोजित करने की अपील की थी। इस संबंध में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी को पत्र भेजे गए थे।

वहीं, नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन ने कनॉट प्लेस को रैली और विरोध प्रदर्शनों से अलग रखने की मांग की है। संगठन का कहना है कि ऐसी गतिविधियों से दुकानदारों के कारोबार और आजीविका पर असर पड़ता है।

इस बीच कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि कनॉट प्लेस की दुकानें भाजपा ने बंद करवाई थीं।

चांदनी चौक और सदर बाजार में शाम को लौटी रौनक

दिल्ली के चांदनी चौक और सदर बाजार में शुरुआत में ग्राहकों की संख्या कम रही, लेकिन दोपहर बाद बाजारों में भीड़ बढ़ने लगी। दिल्ली के अलावा एनसीआर के दूसरे शहरों से भी खरीदार पहुंचे।

चांदनी चौक सर्व व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय भार्गव ने बताया कि रैली में अनुमान से कम लोग पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था भी ठीक रही। इसके बाद शाम को खरीदारों ने बाजारों का रुख किया, जिससे कारोबारियों को कुछ राहत मिली।

 

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram