पूर्वी सिंहभूम: जिला परिषद सदस्य और भाजपा नेता सूरज मंडल पर हुए कथित हमले के विरोध में शनिवार को हल्दीपोखर बाजार की सभी दुकानें बंद रहीं। दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार, 17 अगस्त की तड़के करीब 2 से 3 बजे सूरज मंडल अपने परिवार और साथियों के साथ हरिणा स्थित मुक्तेश्वर धाम पूजा के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पल्ली मंगल के पास कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की जा रही थी।
विरोध करने पर मारपीट का आरोप
बताया गया कि सूरज मंडल और उनके साथियों ने युवकों की टिप्पणी का विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने उनके साथ मारपीट की। घटना में सूरज मंडल और उनके कुछ साथियों के घायल होने की बात सामने आई है।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
घटना के विरोध में दुकानदारों ने शनिवार को अपनी दुकानें बंद रखीं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की।
सूरज मंडल ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों के समर्थन के लिए आभार जताया और घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।




