रांची: जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची की ओर से 60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान के तहत महुआजारी पंचायत भवन और बांसजाड़ी गांव में कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान डालसा की टीम ने ग्रामीणों के घर-घर जाकर उन्हें कानूनी सहायता और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को नालसा की विभिन्न योजनाओं और मुफ्त कानूनी सहायता के बारे में बताया गया। डालसा टीम ने टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी भी दी।
पेसा अधिनियम और ग्राम सभा के अधिकार बताए
सहायक एलएडीसी सौरभ पांडे ने ग्रामीणों को पेसा अधिनियम के तहत ग्राम सभा के अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने जंगल, जल और जमीन के संरक्षण से जुड़े अधिकारों और जिम्मेदारियों के बारे में भी बताया।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक कानूनी जानकारी और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
घर-घर जाकर लिए आवेदन
डोर-टू-डोर अभियान के दौरान डालसा टीम ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। टीम ने प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धा पेंशन, पीएम किसान योजना, पशुपालन शेड, राशन कार्ड, सिंचाई मशीन और लेबर कार्ड से जुड़े आवेदन भी लिए।
कार्यक्रम के दौरान करीब 1100 लोग जागरूक हुए। पीएलवी भुप्रताप महतो ने ग्रामीणों को मध्यस्थता और 12 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी दी।
ग्रामीणों को बाल विवाह, बाल श्रम, दहेज प्रथा, डायन बिसाही और स्पॉन्सरशिप योजना के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में डालसा टीम के सदस्य, पीएलवी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




