रांची: ओडिशा के पारादीप तट से सिंगापुर जा रहा मालवाहक जहाज MV Ocean Winner बंगाल की खाड़ी में डूब गया। जहाज पर पनामा का झंडा लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि शनिवार को जहाज से संपर्क टूट गया था।
जानकारी के अनुसार, जहाज पारादीप तट से करीब 240 समुद्री मील दूर डूबा। जहाज में कुल 24 क्रू सदस्य सवार थे। इनमें चीन के 20, म्यांमार के 3 और बांग्लादेश का एक नागरिक शामिल था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद भारतीय तटरक्षक बल और भारतीय नौसेना ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया। अब तक दो लोगों को बचाया जा चुका है, जबकि अन्य क्रू सदस्यों की तलाश जारी है।
बचाव अभियान में मदद के लिए आसपास से गुजर रहे अन्य जहाजों को भी अलर्ट किया गया है। उनसे लापता क्रू सदस्यों की तलाश में सहयोग करने को कहा गया है।
फिलहाल जहाज के डूबने की सही वजह सामने नहीं आई है। अधिकारियों की ओर से मामले की जांच की जा रही है।




