हजारीबाग: जुलू पार्क स्थित बिजली विभाग के महाप्रबंधक कार्यालय में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया गया। शिविर में बिजली विभाग के 139 अधिकारियों और कर्मचारियों की आंखों की जांच की गई।
जांच के दौरान 83 कर्मियों को चश्मे की जरूरत पाई गई। सभी को नि:शुल्क चश्मा उपलब्ध कराया गया। वहीं, 118 कर्मियों को जरूरत के अनुसार दवाएं भी दी गईं।
यह शिविर नव भारत जागृति केंद्र की ओर से संचालित लोकनायक जयप्रकाश नेत्र अस्पताल, बहेरा आश्रम, चौपारण के सहयोग से लगाया गया था। शिविर का उद्देश्य बिजली विभाग के कर्मचारियों को आंखों की जांच और उपचार की सुविधा देना था।
बताया गया कि काम के दौरान लंबे समय तक कंप्यूटर, मोबाइल और अन्य उपकरणों के इस्तेमाल से आंखों पर दबाव पड़ता है। ऐसे में नियमित नेत्र जांच जरूरी है।
अधीक्षण अभियंता सम्मानित
शिविर के दौरान झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार उपाध्याय को नव भारत जागृति केंद्र के कार्यक्रम निदेशक गंधर्व गौरव ने स्मृतिचिह्न देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कर्मचारियों से नियमित रूप से आंखों की जांच कराने की अपील की।




