फॉण्ट कनवर्टर NEW

30 हजार में खरीदी थी देसी पिस्तौल, पूछताछ में हथियार सप्लायर भी गिरफ्तार

Jamshedpur news: उलीडीह पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी को

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur news: उलीडीह पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी को भी पकड़ लिया। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

उलीडीह थाना प्रभारी मोहम्मद शारिक अली ने शुक्रवार को बताया कि 18 जून को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक नीले रंग की आर-15 मोटरसाइकिल पर अवैध हथियार लेकर क्षेत्र में घूम रहा है और किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने डिमना चौक के समीप घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 7.65 एमएम का एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा गोली बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह हथियार अपने परिचित अभिषेक दास से 30 हजार रुपये में खरीदा था।

आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हथियार सप्लायर अभिषेक दास को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में दोनों की संलिप्तता सामने आने के बाद उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कपाली के तामोलिया निवासी अभिषेक कुमार उर्फ एसआरके (26) तथा उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-4 निवासी अभिषेक दास (25) के रूप में हुई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हथियार की खरीद-बिक्री का नेटवर्क कहीं और तक तो नहीं फैला है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram