रांची : रांची से हजारीबाग जाने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। चुटूपालू और चरही घाटी में लगने वाले जाम से जल्द छुटकारा मिल सकता है। इन दोनों घाटियों में नई वैकल्पिक फोरलेन सड़क बनाने की योजना पर काम शुरू हो गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इसके लिए करीब 239 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है।
इस परियोजना के पूरा होने से रांची-हजारीबाग मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होगा। साथ ही यात्रियों को जाम और दुर्घटनाओं की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: कैंसर छुआछूत की बीमारी नहीं, मरीजों से भेदभाव न करें : डॉ. सतीश शर्मा
23 दिसंबर तक कंपनियां कर सकेंगी आवेदन
NHAI की ओर से निर्माण एजेंसी के चयन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक कंपनियां 23 दिसंबर तक आवेदन जमा कर सकती हैं। 24 दिसंबर को टेंडर खोला जाएगा। इसके बाद निर्माण से जुड़ी आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
योजना के अनुसार, सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी होने पर 2027 की शुरुआत में सड़क निर्माण का काम शुरू हो सकता है।
घाटियों में सफर करना होगा आसान
चुटूपालू और चरही घाटी में तीखे मोड़ और ढलान होने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है। खासकर भारी वाहनों के खराब होने या सड़क दुर्घटना होने पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।
यह भी पढ़ें: पीएम किसान और बिजली बिल के नाम पर साइबर ठगी, देवघर पुलिस ने तीन को पकड़ा
नई वैकल्पिक सड़क बनने से इन घाटियों में यातायात का दबाव कम होगा। इससे यात्रियों को आने-जाने में कम परेशानी होगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी घट सकती है।
वन विभाग की मंजूरी का इंतजार
सड़क निर्माण शुरू करने से पहले वन भूमि से जुड़ी जरूरी मंजूरी लेनी होगी। NHAI इस दिशा में काम कर रहा है। इसके लिए संबंधित वन विभाग और अंचल कार्यालयों के साथ बातचीत की जा रही है।
इसके अलावा जमीन अधिग्रहण, वन भूमि हस्तांतरण और पेड़ों की कटाई से जुड़ी प्रक्रियाएं भी पूरी करनी होंगी।
हजारों यात्रियों को मिल सकती है राहत
रांची और हजारीबाग के बीच रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन चलते हैं। ऐसे में नई फोरलेन सड़क बनने से इस मार्ग पर सफर पहले से अधिक सुगम हो सकता है। खासकर घाटियों में लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
संबंधित खबरें
- झारखंड कैंसर छुआछूत की बीमारी नहीं, मरीजों से भेदभाव न करें : डॉ. सतीश शर्मा
- झारखंड पीएम किसान और बिजली बिल के नाम पर साइबर ठगी, देवघर पुलिस ने तीन को पकड़ा
- झारखंड पर्यटकों की सुविधा के लिए पतरातू लेक रिसॉर्ट का निरीक्षण, प्रशासन ने बनाई योजना
- झारखंड NH-33 हादसे में 13 की मौत, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया दुख









