देवघर : देवघर जिले में साइबर ठगी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर इन सभी को पकड़ा। आरोपियों पर लोगों को फर्जी APK फाइल भेजकर उनके मोबाइल का एक्सेस हासिल करने और ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने इनके पास से पांच मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं।
सरकारी योजनाओं के नाम पर भेजते थे फर्जी फाइल
पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर APK फाइल भेजते थे। लोग जैसे ही इन फाइलों को अपने मोबाइल में डाउनलोड और इंस्टॉल करते थे, आरोपी उनके मोबाइल तक पहुंच बना लेते थे। इसके बाद वे मोबाइल में मौजूद निजी और बैंकिंग जानकारी का गलत इस्तेमाल कर ठगी करते थे।
यह भी पढ़ें: NH-20 पर बदलेगी तस्वीर, चुटूपालू और चरही घाटी में बनेगी नई सड़क
गुप्त सूचना पर हुई पुलिस की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में छापेमारी की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सोनारायठाढ़ी इलाके में कुछ लोग फर्जी APK फाइल के जरिए साइबर ठगी कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपियों की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरफत अंसारी (30), राजन कुमार दास (28) और राहुल कुमार दास (19) के रूप में हुई है। सरफत अंसारी डुमरिया गांव का रहने वाला है। वहीं, राजन और राहुल कुमार दास नई चिहुटिया गांव के निवासी हैं।
यह भी पढ़ें: पर्यटकों की सुविधा के लिए पतरातू लेक रिसॉर्ट का निरीक्षण, प्रशासन ने बनाई योजना
पहले भी जेल जा चुका है एक आरोपी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी राजन कुमार दास पहले भी साइबर ठगी के मामले में जेल जा चुका है। उसे 9 अगस्त 2025 को देवघर साइबर थाना कांड संख्या 111/2025 के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
पांच मोबाइल और छह सिम कार्ड बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड जब्त किए हैं। फिलहाल इन सभी की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी साइबर ठगी की किन-किन घटनाओं में शामिल थे और उनके संपर्क में दूसरे कौन लोग थे।
पुलिस ने लोगों को किया सावधान
देवघर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई APK फाइल को अपने मोबाइल में डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। पीएम किसान योजना, बिजली बिल और ट्रैफिक चालान के नाम पर आने वाले संदिग्ध लिंक से बचें। किसी भी लिंक पर भरोसा करने से पहले उसकी जांच जरूर करें।
संबंधित खबरें
- झारखंड कैंसर छुआछूत की बीमारी नहीं, मरीजों से भेदभाव न करें : डॉ. सतीश शर्मा
- झारखंड NH-20 पर बदलेगी तस्वीर, चुटूपालू और चरही घाटी में बनेगी नई सड़क
- झारखंड पर्यटकों की सुविधा के लिए पतरातू लेक रिसॉर्ट का निरीक्षण, प्रशासन ने बनाई योजना
- झारखंड NH-33 हादसे में 13 की मौत, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया दुख









