सीएम सम्राट चौधरी ने शनिवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ सभागार में आयोजित जिला पदाधिकारियों, वरीय पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों के दो दिवसीय प्रशासनिक एवं विधि-व्यवस्था समीक्षा सम्मेलन के प्रथम दिन विभागीय वरीय पदाधिकारियों के साथ प्रशासनिक एवं विधि-व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में गृह, सूचना एवं जन-सम्पर्क, स्वास्थ्य, कृषि, राजस्व एवं भूमि सुधार, उद्योग, पथ निर्माण, जल संसाधन, शिक्षा, उच्च शिक्षा, समाज कल्याण, ग्रामीण विकास तथा डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिव ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभागीय कार्यों एवं योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। वहीं जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों ने भी अपने-अपने जिलों में कार्यों की प्रगति और विधि-व्यवस्था का ब्योरा रखा।
अपराध, भ्रष्टाचार और लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस की नीति
यह भी पढ़ें: जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध : श्रवण कुमार
बैठक में सीएम ने निर्देश दिया कि राज्य में अपराध, भ्रष्टाचार एवं कार्यों में लापरवाही के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। प्रशासनिक कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए जनहित से जुड़े कार्यों का समयबद्ध निष्पादन किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी, गरीब एवं कमजोर वर्गों को हर हाल में न्याय मिले तथा अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित हो। उन्होंने खुफिया एवं सूचना तंत्र को मजबूत बनाने, आम लोगों से नियमित फीडबैक लेने, निरंतर जनता दरबार आयोजित करने और स्थानीय स्तर पर कार्यरत अधिकारियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया।
रात्रि गश्ती की जीपीएस निगरानी और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी
सीएम ने पुलिस गश्ती व्यवस्था को प्रभावी बनाने का निर्देश देते हुए कहा कि रात्रि गश्ती की जीपीएस के माध्यम से निगरानी की जाए। फरार अपराधियों की लगातार ट्रैकिंग कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, जिसकी निगरानी आईजी एवं डीआईजी स्तर के अधिकारी स्वयं करें। पुलिस बल की संख्या, उपलब्ध संसाधनों एवं तैनाती की अद्यतन जानकारी रखते हुए इसकी रियल टाइम मॉनिटरिंग हो। इसके साथ ही हथियारों के नियमित सत्यापन और हथियारों के प्रदर्शन पर भी सख्त निगरानी रखने को कहा गया।
यह भी पढ़ें: एक पंडाल, 51 जोड़े और मंगल गीत! सांसद कराएंगे 51 बेटियों का सामूहिक विवाह
भूमि विवाद के समाधान और मासिक प्रेस कॉन्फ्रेंस के निर्देश
सीएम ने कहा कि भूमि विवाद विधि-व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है, इसलिए इनके त्वरित समाधान के लिए अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारियों की सप्ताह में एक बार नियमित बैठक आयोजित की जाए। डीसीएलआर एवं एडीएम न्यायालयों का नियमित संचालन सुनिश्चित हो, ताकि भूमि विवादों का समयबद्ध निपटारा हो सके। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्राप्त जनशिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने, विधि-व्यवस्था से जुड़े मामलों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर पुलिस द्वारा जवाब देने तथा जिला पदाधिकारियों व पुलिस अधीक्षकों को महीने में कम से कम दो बार प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर जनता तक सही एवं तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और बाढ़ प्रबंधन पर भी दिया जोर
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं, टीबी मुक्त भारत अभियान, जिला अस्पतालों में रेफरल व्यवस्था तथा कृषि विभाग के अंतर्गत बीज एवं खाद की उपलब्धता की समीक्षा की गई। सीएम ने एकीकृत कृषि प्रणाली, नकदी फसलों एवं किसान उत्पादक संगठनों को प्रोत्साहित करने, जिलों में लैंड बैंक विकसित करने तथा स्थानीय उद्योगपतियों से नियमित संवाद स्थापित कर निवेश व रोजगार के अवसर बढ़ाने का निर्देश दिया। पथ निर्माण एवं जल संसाधन विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं के ब्लैक स्पॉट सुधारने, बाढ़ एवं गाद प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने और अंतरराज्यीय नदी लिंक परियोजनाओं को आगामी मानसून से पूर्व पूरा करने की दिशा में तेजी से कार्य करने को कहा। बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, सीएम के सचिव लोकेश कुमार सिंह और संजय कुमार सिंह सहित सभी जिलों के डीएम, एसएसपी व एसपी उपस्थित थे।
संबंधित खबरें
- बिहार जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध : श्रवण कुमार
- बिहार एक पंडाल, 51 जोड़े और मंगल गीत! सांसद कराएंगे 51 बेटियों का सामूहिक विवाह
- बिहार अब मनचलों की खैर नहीं! स्कूल-कॉलेज और कोचिंग के बाहर ‘पुलिस दीदी’ का पहरा
- बिहार मुजफ्फरपुर में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर छतों से बरसे ईंट-पत्थर! बुलडोजर का शीशा टूटा










