पटना: बिहार में जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और हरियाली बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत कई महत्वपूर्ण काम पूरे किए गए हैं। ग्रामीण विकास विभाग के अनुसार, अभियान के तहत ज्यादातर योजनाओं का काम पूरा हो चुका है, जबकि बाकी कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
अभियान के तहत अब तक 17,553 सार्वजनिक जल संचयन संरचनाओं में से 17,545 को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। वहीं, 10,965 सार्वजनिक कुओं में से 10,964 को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा चुका है।
यह भी पढ़ें: अपराधियों से लेकर लापरवाह अफसरों तक पर CM सम्राट सख्त, दिया जीरो टॉलरेंस का अल्टीमेटम
तालाब और जल स्रोतों के जीर्णोद्धार का काम पूरा
जल संरचनाओं को बचाने और उनकी स्थिति सुधारने के लिए भी काम किया गया है। सार्वजनिक तालाबों और पोखरों के जीर्णोद्धार के 27,351 कार्यों में से 27,106 पूरे हो चुके हैं। इसी तरह आहर और पईन के 83,496 कार्यों में से 83,089 पूरे किए गए हैं।
इसके अलावा सार्वजनिक कुओं के जीर्णोद्धार के 38,970 कार्यों में से 38,787 पूरे हो चुके हैं।
यह भी पढ़ें: एक पंडाल, 51 जोड़े और मंगल गीत! सांसद कराएंगे 51 बेटियों का सामूहिक विवाह
भूजल स्तर बढ़ाने के लिए बनाए गए सोख्ता और चेक डैम
भूजल संरक्षण के लिए सार्वजनिक चापाकलों और कुओं के पास सोख्ता निर्माण के 2,37,330 कार्य शुरू किए गए थे। इनमें से 2,34,625 पूरे हो चुके हैं।
वहीं, चेक डैम और जल संचयन की अन्य संरचनाओं के निर्माण के 31,602 कार्यों में से 31,407 पूरे किए जा चुके हैं। नए जल स्रोत बनाने के 13,800 कार्यों में से 13,740 पूरे हो चुके हैं।
24 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए
पर्यावरण संरक्षण के लिए राज्य में बड़े स्तर पर पौधरोपण किया गया है। अभियान के तहत अब तक 24.03 करोड़ पौधे लगाए गए हैं।
इसके साथ ही सरकारी भवनों में छत पर वर्षा जल संचयन की व्यवस्था भी की जा रही है। इस योजना के तहत 87,762 कार्यों में से 86,866 पूरे हो चुके हैं।
खेती और सौर ऊर्जा को भी दिया जा रहा बढ़ावा
अभियान के तहत किसानों को मौसम के अनुकूल खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। अब तक 2,85,667 एकड़ क्षेत्र में मौसम अनुकूल खेती की जा रही है। वहीं, 1,60,642 एकड़ क्षेत्र में जैविक कृषि और 62,041 एकड़ में सूक्ष्म सिंचाई को बढ़ावा दिया गया है।
इसके अलावा 12,892 सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए गए हैं।
आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पर्यावरण का लक्ष्य
ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जल-जीवन-हरियाली अभियान पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सोच का परिणाम है। इस अभियान के जरिए जल संरक्षण, पौधरोपण, वर्षा जल संचयन, सौर ऊर्जा और मौसम अनुकूल खेती के क्षेत्र में काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शेष कार्यों को भी निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण तैयार करना है।
संबंधित खबरें
- बिहार अपराधियों से लेकर लापरवाह अफसरों तक पर CM सम्राट सख्त, दिया जीरो टॉलरेंस का अल्टीमेटम
- बिहार एक पंडाल, 51 जोड़े और मंगल गीत! सांसद कराएंगे 51 बेटियों का सामूहिक विवाह
- बिहार अब मनचलों की खैर नहीं! स्कूल-कॉलेज और कोचिंग के बाहर ‘पुलिस दीदी’ का पहरा
- बिहार मुजफ्फरपुर में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर छतों से बरसे ईंट-पत्थर! बुलडोजर का शीशा टूटा









