यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय कैबिनेट द्वारा परिसीमन विधेयक को मंजूरी दिए जाने का स्वागत करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल के प्रति आभार व्यक्त किया है। शनिवार को जारी अपने बयान में सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार का यह निर्णय वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू करने का मार्ग प्रशस्त करेगा, जिससे संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था प्रभावी हो सकेगी।
50 प्रतिशत तक बढ़ेंगी संसद और विधानसभाओं की सीटें
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पहले ही संसद से पारित हो चुका है। अब परिसीमन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी मिलने से संसद और विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का रास्ता साफ हो गया है। उन्होंने इसकी प्रमुख विशेषता बताते हुए कहा कि 2011 की जनगणना को आधार बनाकर राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों का अनुपात यथावत रखा जाएगा और उसी अनुपात में सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी, जिससे किसी भी राज्य की हिस्सेदारी प्रभावित होने की आशंका नहीं रहेगी।
यह भी पढ़ें: 9097.59 करोड़ की 1643 विकास योजनाओं से संवरेगी राज्य की तस्वीर
15 वर्षों के लिए लागू होगा आरक्षण, यूपी के सांसदों से समर्थन की अपील
सीएम योगी ने जानकारी दी कि महिला आरक्षण को प्रारंभिक तौर पर 15 वर्षों के लिए लागू करने और रोटेशन की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के माध्यम से आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने इसे देश की आधी आबादी को संसद और विधानसभाओं में कम से कम 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की एक ऐतिहासिक पहल बताया। इसके साथ ही सीएम ने यूपी के सभी 80 लोकसभा सांसदों से परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति का सशक्तीकरण समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण का आधार है, इसलिए सभी जनप्रतिनिधियों को इस पहल में अपना पूरा सहयोग देना चाहिए।
संबंधित खबरें
- उत्तर प्रदेश काशी पहुंचे उपराष्ट्रपति, बाबा विश्वनाथ से मांगी देश की सुख-समृद्धि
- उत्तर प्रदेश काशी तमिल संगमम का भव्य आगाज, उपराष्ट्रपति और सीएम योगी ने किया उद्घाटन
- उत्तर प्रदेश काशी तमिल संगमम का भव्य शुभारंभ आज, एयरपोर्ट पर सीएम योगी ने किया उपराष्ट्रपति का स्वागत
- उत्तर प्रदेश मुरादाबाद-हरिद्वार हाईवे पर भीषण हादसा! रोडवेज बस-ट्रैक्टर की टक्कर में 4 की मौत










