बेल्जियम की राजधानी ब्रूसेल्स में सरकार की आर्थिक नीतियों और बजट कटौती के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन हुआ। सड़कों पर उतरे हजारों लोगों ने बढ़ती महंगाई के बीच घटती खरीद क्षमता और सरकारी योजनाओं की राशि न मिलने पर कड़ा आक्रोश जताया। दूसरी ओर, प्रधानमंत्री बार्ट डी वेयर ने देश में गहराते बजट संकट को स्वीकार करते हुए साफ चेतावनी दी है कि अगर इस साल के अंत तक गठबंधन में सहमति नहीं बनी, तो सरकार चलाना नामुमकिन हो जाएगा।
प्रदर्शन की मांगों को लेकर बेल्जियम के तीन प्रमुख ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर लगभग 50,000 लोगों ने ब्रूसेल्स में विशाल मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने आर्थिक कटौती, आसमान छूती महंगाई, ऊर्जा की बढ़ती लागत और कम होती क्रय शक्ति के खिलाफ जमकर आवाज उठाई। यूनियनों और आम लोगों का कहना था कि सरकार की इन कटौती नीतियों की सबसे ज्यादा मार निम्न आय वर्ग, मध्यमवर्गीय परिवारों और सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था पर पड़ेगी। लोगों ने योजनाओं का पैसा अटकने और सामाजिक सहायता कम किए जाने पर भी गहरी चिंता जताई।
यह भी पढ़ें: राजशाही पर पोस्ट करना पड़ा भारी, थाई सांसद की सजा 6 से घटकर 3 साल हुई
इस भारी विरोध के बीच प्रधानमंत्री बार्ट डी वेयर ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि 31 दिसंबर से पहले बजट पर कोई समझौता नहीं होता है, तो सरकार वास्तव में काम करने में असमर्थ हो जाएगी और उसका अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से यह सख्त चेतावनी तब जारी की गई, जब पांच दलों वाले सत्तारूढ़ गठबंधन के भीतर बजट प्रस्तावों पर आम सहमति नहीं बन पाई। डी वेयर ने राजा फिलिप से मुलाकात कर मौजूदा हालात की जानकारी दी और बताया कि गठबंधन के सहयोगी दलों में मतभेद अभी भी काफी गहरे हैं। गौरतलब है कि उन्होंने नवंबर में भी इस्तीफे की पेशकश की थी, लेकिन तब राजा ने उन्हें समस्या सुलझाने के लिए कुछ और समय दिया था।
मौजूदा बजट संकट की मुख्य वजह यह है कि सरकार 2029 तक करीब 10 अरब यूरो की कटौती करना चाहती है, ताकि जीडीपी के 5 प्रतिशत से ऊपर पहुंच चुके राजकोषीय घाटे को काबू में लाया जा सके। इस लक्ष्य को पाने के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र के बजट में कटौती करने और वैट की दरें बढ़ाने जैसे कड़े प्रस्तावों पर विचार चल रहा है। प्रदर्शनकारी इन कदमों को आम जनता की जेब पर सीधा हमला और खरीद क्षमता घटाने वाला बता रहे हैं। उनका कहना है कि बजट में तत्काल धन का इंतजाम न होने से कल्याणकारी योजनाओं की राशि रुक गई है। अब यह विरोध प्रदर्शन केवल आर्थिक नीतियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बेल्जियम की राजनीतिक स्थिरता के लिए भी बड़ी चुनौती बन गया है।
यह भी पढ़ें: रूसी ड्रोन के मलबे से कीव में मची तबाही, इमारत और कारें जलकर खाक
संबंधित खबरें
- दुनिया राजशाही पर पोस्ट करना पड़ा भारी, थाई सांसद की सजा 6 से घटकर 3 साल हुई
- दुनिया रूसी ड्रोन के मलबे से कीव में मची तबाही, इमारत और कारें जलकर खाक
- दुनिया Nvidia दफ्तर लौटे जेनसन हुआंग, कर्मचारियों से मांगी माफी; शेयर 31% उछले
- दुनिया दुनिया में 12,187 परमाणु बमों का जखीरा, रूस सबसे आगे; भारत छठे नंबर पर








