सीवान: बिहार के सीवान जिले के विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। करीब 22 साल से अपने भवन का इंतजार कर रहे केंद्रीय विद्यालय सीवान और 14 साल से स्थायी भवन की प्रतीक्षा कर रहे केंद्रीय विद्यालय महाराजगंज को अब अपना भवन मिलने वाला है।
केंद्रीय विद्यालय संगठन ने दोनों स्कूलों के भवन निर्माण के लिए 31-31 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। यानी दोनों विद्यालयों के निर्माण पर कुल 62 करोड़ रुपये खर्च होंगे। निर्माण के लिए निविदा की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। उम्मीद है कि दिसंबर तक टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और जनवरी 2027 से निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: CM सम्राट चौधरी की मौजूदगी में 8 नवनिर्वाचित विधान पार्षदों ने ली शपथ
जमीन मिलने के बाद निर्माण का रास्ता साफ
अब तक दोनों केंद्रीय विद्यालय दूसरे शिक्षण संस्थानों के परिसर में चल रहे थे। जिला प्रशासन की मदद से केंद्रीय विद्यालय सीवान के लिए भैंसाखाल और महाराजगंज केंद्रीय विद्यालय के लिए तेघड़ा में जमीन उपलब्ध कराई गई है।
केंद्रीय विद्यालय सीवान की शुरुआत 2 अक्टूबर 2004 को दारोगा प्रसाद राय महाविद्यालय परिसर में हुई थी। वहीं, महाराजगंज केंद्रीय विद्यालय 19 मार्च 2012 को उजाय गांव स्थित श्री गौरी शंकर उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज परिसर में शुरू हुआ था।
जमीन मिलने में देरी के कारण दोनों विद्यालयों को लंबे समय तक परेशानी का सामना करना पड़ा। महाराजगंज केंद्रीय विद्यालय में पर्याप्त कमरे नहीं होने के कारण वर्ष 2013 से कक्षा एक में नए नामांकन बंद कर दिए गए थे। बाद में इसे गोरख सिंह महाविद्यालय परिसर में स्थानांतरित किया गया।
यह भी पढ़ें: CM सम्राट ने बदली रेवेन्यू कोर्ट की व्यवस्था, 899 अदालतों में होगी वर्चुअल सुनवाई
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे दोनों स्कूल
नए भवन केंद्रीय विद्यालय संगठन के तय मानकों के अनुसार बनाए जाएंगे। दोनों विद्यालयों में सभी कक्षाओं के दो-दो सेक्शन होंगे। साथ ही प्लस टू तक की पढ़ाई के लिए पर्याप्त कमरे बनाए जाएंगे।
विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी की प्रयोगशालाएं, गणित लैब और पुस्तकालय की सुविधा होगी।
इसके अलावा प्राचार्य कक्ष, प्रशासनिक कार्यालय, शिक्षक कक्ष और चिकित्सा कक्ष भी बनाए जाएंगे।
खेल मैदान से लेकर शिक्षकों के आवास तक की होगी व्यवस्था
दोनों विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाएगा। परिसर में स्वच्छ पेयजल, बिजली, अग्निशमन सुरक्षा, छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए रैंप बनाए जाएंगे।
इसके अलावा चहारदीवारी, पार्किंग, इनडोर और आउटडोर खेल सुविधाएं तथा खेल मैदान भी विकसित किए जाएंगे। प्राचार्य, शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों के लिए आवास बनाने का भी प्रावधान है।
जनवरी 2027 से शुरू हो सकता है निर्माण कार्य
केंद्रीय विद्यालय सीवान के प्राचार्य हेमंत कुमार साहू ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से दोनों विद्यालयों के लिए जमीन उपलब्ध करा दी गई है। इसके बाद केंद्रीय विद्यालय संगठन ने भवन निर्माण के लिए 31-31 करोड़ रुपये जारी किए हैं।
उन्होंने बताया कि निर्माण के लिए निविदा की प्रक्रिया शुरू हो गई है। दोनों विद्यालयों में दो-दो सेक्शन वाले भवन बनाए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों के नामांकन की क्षमता बढ़ेगी और उन्हें बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
संबंधित खबरें
- Bihar CM सम्राट चौधरी की मौजूदगी में 8 नवनिर्वाचित विधान पार्षदों ने ली शपथ
- Bihar CM सम्राट ने बदली रेवेन्यू कोर्ट की व्यवस्था, 899 अदालतों में होगी वर्चुअल सुनवाई
- Bihar सहरसा होकर चलने वाली जनसेवा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें 3 महीने तक रहेंगी बंद
- Bihar बच्चों से भरे सिटी रिक्शा को कार ने मारी जोरदार टक्कर, चालक मौके से फरार







