रांची: झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र 25 और 26 नवंबर को आयोजित होने जा रहा है। सत्र शुरू होने से पहले ही राज्य की राजनीति गरमा गई है। इस विशेष सत्र में एसआईआर और एमएमडीआर संशोधन कानून समेत कई अहम मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार बहस होने की संभावना है।
सरकार और विपक्ष ने बनाई अपनी-अपनी रणनीति
विशेष सत्र को लेकर सोमवार को सत्ता पक्ष और भाजपा विधायक दल की अलग-अलग बैठकें होंगी। इन बैठकों में सदन के अंदर अपनी बात रखने और एक-दूसरे को घेरने की रणनीति तैयार की जाएगी।
यह भी पढ़ें: पारसनाथ दर्शन कर लौट रहे जैन श्रद्धालुओं की बस दुर्घटनाग्रस्त, दो की हालत गंभीर
हेमंत सोरेन करेंगे गठबंधन के विधायकों के साथ बैठक
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को सत्तारूढ़ गठबंधन के मंत्रियों और विधायकों के साथ ऑनलाइन बैठक करेंगे। इसमें झामुमो, कांग्रेस, राजद और वाम दलों के विधायक शामिल होंगे।
बैठक में विशेष सत्र के दौरान सरकार का पक्ष रखने, विपक्ष के सवालों का जवाब देने और गठबंधन के विधायकों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर चर्चा होगी।
भाजपा भी तैयार करेगी सरकार को घेरने की रणनीति
वहीं, भाजपा विधायक दल की बैठक सोमवार शाम 4:30 बजे प्रदेश कार्यालय में होगी। इसमें नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत पार्टी के विधायक शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें: पलामू में याद किए गए नरू बाबू, 115वीं जयंती पर लोगों ने किया नमन
बैठक में एसआईआर, राज्य की कानून-व्यवस्था और अन्य राजनीतिक मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की जाएगी।
SIR और MMDR संशोधन कानून पर होगी चर्चा
विशेष सत्र में केंद्र सरकार के एमएमडीआर संशोधन कानून और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर पर खास चर्चा होगी।
राज्य सरकार का मानना है कि एमएमडीआर संशोधन कानून से झारखंड के खनिज संसाधनों और आर्थिक हितों पर असर पड़ सकता है। सरकार इस कानून के विरोध में सदन में प्रस्ताव लाकर केंद्र सरकार को भेजने की तैयारी में है।
वहीं, एसआईआर को लेकर सरकार को आशंका है कि मतदाता सूची से पात्र नागरिकों के नाम हट सकते हैं। इस मुद्दे पर भी सरकार सदन में अपनी चिंता जाहिर करेगी।
निशा भगत की मौत का मामला भी उठ सकता है
विशेष सत्र में आदिवासी कार्यकर्ता निशा भगत की मौत का मामला भी चर्चा में आ सकता है। विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार से जवाब मांग सकता है। इसके अलावा राज्य की कानून-व्यवस्था और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी सदन में सवाल उठने की संभावना है।
दो दिनों तक सदन में दिखेगा सियासी घमासान
25 और 26 नवंबर को होने वाले विशेष सत्र को लेकर दोनों पक्षों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। सत्ता पक्ष जहां सरकार का बचाव करने की रणनीति बना रहा है, वहीं भाजपा सरकार को घेरने की तैयारी में है। ऐसे में विधानसभा का यह दो दिवसीय सत्र काफी हंगामेदार रहने के आसार हैं।
संबंधित खबरें
- Jharkhand पारसनाथ दर्शन कर लौट रहे जैन श्रद्धालुओं की बस दुर्घटनाग्रस्त, दो की हालत गंभीर
- Jharkhand पलामू में याद किए गए नरू बाबू, 115वीं जयंती पर लोगों ने किया नमन
- Jharkhand झारखंड के सभी थानों में लगेंगे CCTV कैमरे, हाईकोर्ट में सरकार ने मांगा 3 सप्ताह का समय
- Jharkhand गिरिडीह डबल मर्डर: ससुर-बहू की ह’त्या के बाद बवाल, ग्रामीणों ने शव उठाने से रोका







