जमशेदपुर: जमशेदपुर में भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन के दौरान कथित पथराव की घटना को लेकर मंगलवार को भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से साकची स्थित जुबिली पार्क गोलचक्कर पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और घटना के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
विधायक पूर्णिमा साहू के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन
प्रदर्शन का नेतृत्व जमशेदपुर पश्चिम की विधायक पूर्णिमा साहू ने किया। इस दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिंह समेत कई नेता और महिला कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पूर्णिमा साहू ने आरोप लगाया कि सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा के कार्यकर्ता जेएनयू में कथित यौन उत्पीड़न की घटना को लेकर बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय के सामने प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को गुलाब के फूल और जलेबी बांटी। विधायक ने इसे गंभीर मुद्दे के प्रति असंवेदनशील रवैया बताया।
पथराव में कई कार्यकर्ताओं के घायल होने का दावा
विधायक पूर्णिमा साहू ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने जब इसका विरोध किया, तो उन पर पथराव किया गया। उन्होंने दावा किया कि इस घटना में भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता घायल हुए। पथराव के दौरान उन्हें भी निशाना बनाने का आरोप लगाया गया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और न्याय की मांग को लेकर किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान इस तरह की घटना गलत है। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की। हालांकि, इन आरोपों पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
प्रदर्शन में कई भाजपा नेता रहे मौजूद
पुतला दहन कार्यक्रम में नीलू मछुआ, धर्मेंद्र प्रसाद, मंजू सिंह, खेमलाल चौधरी, प्रमोद, मुन्ना सिंह, पप्पू उपाध्याय, अभिषेक, अमन सिन्हा, अमरप्रीत सिंह काले, ममता भूमिज, संगीता देवी, कुसुमपुर पूर्ति और सीमा दास समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Read more : रांची IIIT में छात्र की मौत के बाद तीसरे दिन भी प्रदर्शन जारी, निदेशक के इस्तीफे की मांग




