फॉण्ट कनवर्टर NEW

रांची IIIT में छात्र की मौत के बाद तीसरे दिन भी प्रदर्शन जारी, निदेशक के इस्तीफे की मांग

राजधानी रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र स्थित IIIT में छात्र आदित्य की मौत के बाद विद्यार्थियों का विरोध प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन मंगलवार को भी जारी रहा। छात्र संस्थान के निदेशक राजीव श्रीवास्तव के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। नाराज छात्र-छात्राएं हॉस्टल के बाहर

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: राजधानी रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र स्थित IIIT में छात्र आदित्य की मौत के बाद विद्यार्थियों का विरोध प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन मंगलवार को भी जारी रहा। छात्र संस्थान के निदेशक राजीव श्रीवास्तव के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। नाराज छात्र-छात्राएं हॉस्टल के बाहर तिरपाल लगाकर धरने पर बैठे हैं। सोमवार की पूरी रात भी विद्यार्थियों ने धरनास्थल पर ही बिताई।

छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने संस्थान के चेयरमैन से धरनास्थल पर आकर उनकी समस्याएं सुनने और समाधान का भरोसा देने की मांग की है।

मेडिकल और सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने संस्थान में चिकित्सा और सुरक्षा सुविधाओं की कमी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि परिसर में एंबुलेंस, ऑक्सीजन और आपातकालीन इलाज की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा हॉस्टल की सुरक्षा और सीसीटीवी निगरानी को लेकर भी छात्रों ने सवाल उठाए हैं।

फीस के बावजूद सुविधाओं की कमी का आरोप

विद्यार्थियों का आरोप है कि संस्थान में अधिक फीस लेने के बावजूद उन्हें जरूरी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। छात्रों ने खानपान, हॉस्टल प्रबंधन और अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग की है। उनका कहना है कि आदित्य की मौत के बाद भी प्रबंधन ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया।

खेलगांव चौक जाम करने की चेतावनी

छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। जरूरत पड़ने पर खेलगांव चौक जाम करने की भी बात कही है।

बता दें कि मृतक छात्र आदित्य बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया का रहने वाला था। उसकी मौत के बाद से संस्थान में छात्रों का विरोध जारी है। फिलहाल विद्यार्थी निदेशक के इस्तीफे और सुविधाओं में सुधार की मांग पर अड़े हुए हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram