रांची : दुर्गा पूजा को लेकर राजधानी रांची के अरगोड़ा में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार अरगोड़ा दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति की ओर से करीब 45 लाख रुपये की लागत से पेरिस के डिज्नीलैंड की तर्ज पर भव्य पूजा पंडाल बनाया जा रहा है। 100 फीट ऊंचे और 60 फीट चौड़े इस पंडाल को आकर्षक रूप देने में कारीगर दिन-रात जुटे हैं। इसके निर्माण में थर्माकोल, बीट और लोहे का इस्तेमाल किया जा रहा है। 15 अक्टूबर से श्रद्धालु पंडाल में मां दुर्गा के दर्शन कर सकेंगे।
16 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा होगी स्थापित
पंडाल के अंदर मां दुर्गा की 16 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। पुजारी अनिल पांडेय पूजा-अर्चना कराएंगे। पूजा परिसर में बच्चों के मनोरंजन के लिए मिकी माउस भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके अलावा लाइट शो के जरिए श्रद्धालुओं को राम दरबार के दर्शन कराए जाएंगे। पूजा के दौरान भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा। 19 अक्टूबर को मंदिर में बकरों की बलि दी जाएगी। वहीं, गया से आने वाली गायकों की टीम माता रानी का जागरण करेगी।
अरगोड़ा मैदान में होगा रावण दहन
दुर्गा पूजा के साथ अरगोड़ा मैदान में दशमी के दिन रावण दहन का आयोजन भी किया जाएगा। समिति के प्रधान महासचिव मुनेश्वर साहु ने बताया कि कार्यक्रम शाम 4 बजे शुरू होगा। इस दौरान रिमोट से पटाखे फोड़े जाएंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खास व्यवस्था
पंडाल में श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए सात प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा 40 साइड गेट भी होंगे, जहां विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाएं लगाई जाएंगी। भीड़ को संभालने और श्रद्धालुओं की मदद के लिए स्वयंसेवकों के साथ प्रशासन की टीम भी तैनात रहेगी। समिति की ओर से पूजा पंडाल को अंतिम रूप देने का काम तेजी से किया जा रहा है।




