Ramgarh/Ranchi: झारखंड चैंबर के पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री और आदित्य मल्होत्रा के नेतृत्व में एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री और उनके परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की तथा दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुलाकात के दौरान माहौल काफी भावुक रहा। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने शोकाकुल परिवार से मिलकर उनका ढांढस बंधाया और कहा कि दुख की इस कठिन घड़ी में वे पूरी तरह से परिवार के साथ खड़े हैं।
इस प्रतिनिधिमंडल में राधा स्वामी सत्संग ब्यास के जमशेदपुर केंद्र के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, महासचिव विष्णु मल्होत्रा, रांची केंद्र के महासचिव सुरजीत सिंह तथा समिति सदस्य राम इकबाल शर्मा भी प्रमुख रूप से शामिल थे।
नेमरा में मौजूद सभी गणमान्य ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही ईश्वर से यह कामना की कि वह शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति और असहनीय पीड़ा को सहन करने का संबल व धैर्य प्रदान करें। सामाजिक और व्यापारिक संगठनों के इस दौरे ने यह दर्शाया कि दुख की इस घड़ी में समाज का हर वर्ग मुख्यमंत्री परिवार के प्रति अपनी एकजुटता और संवेदना प्रकट कर रहा है।




