मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। स्थानीय लोगों ने पारंपरिक ढोल-दमाऊं, पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की जानकारी ली और पारंपरिक सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक भी पीसा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अलकनंदा नदी के तट पर स्थित श्रीनगर का धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक दृष्टि से विशेष महत्व है। कमलेश्वर महादेव मंदिर हमारी धार्मिक आस्था और पौराणिक परंपराओं का प्रमुख केंद्र है। बैकुंठ चतुर्दशी मेला लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। केदारखंड और मानसखंड मंदिर माला मिशन के माध्यम से धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: 21 एकड़ में फैले राष्ट्रपति निकेतन पहुंचे राज्यपाल, क्या है इसकी खासियत?
आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ेगा
धामी ने कहा कि सरकार मातृशक्ति के सशक्तीकरण के लिए लगातार फैसले ले रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि की जाएगी। उन्होंने कहा कि नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के चलते पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए भी प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
सीवर लाइन, एनआईटी और पेयजल परियोजनाओं की प्रगति
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रीनगर में करीब 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। क्षेत्र में पैरामेडिकल और नर्सिंग कॉलेज स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मंडी-चौरास-जाखणी पंपिंग पेयजल योजना पर करीब 37 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज में आवासीय बालक छात्रावास, आधुनिक बस स्टैंड और पार्किंग सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क के दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।
साइंस सिटी, हेलीकॉप्टर सेवा और आधुनिक घाटों की घोषणा
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। इससे स्थानीय लोगों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने श्रीनगर में यूकॉस्ट के माध्यम से साइंस सिटी विकसित करने और नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को स्वीकृति देने की घोषणा की। इसके अलावा विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण तथा धारी देवी मंदिर के समीप श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक घाट विकसित करने की घोषणा की। बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की बात भी कही।
यह भी पढ़ें: दिसंबर से बढ़ेगा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय, धामी सरकार का जताया आभार
चौबीस घंटे पेयजल उपलब्ध कराने पर भी हो रहा काम
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में श्रीनगर में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से श्रीनगर में 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
संबंधित खबरें
- उत्तराखंड 21 एकड़ में फैले राष्ट्रपति निकेतन पहुंचे राज्यपाल, क्या है इसकी खासियत?
- उत्तराखंड दिसंबर से बढ़ेगा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय, धामी सरकार का जताया आभार
- उत्तराखंड गंगा की गोद में फिर बढ़ेगा जीवन, CM धामी ने छोड़े 10 हजार मत्स्य बीज
- #ट्रेंडिंग मां के अंतिम दर्शन कर भावुक हुए योगी आदित्यनाथ, नम आंखों से दी विदाई








