रांची : राजधानी रांची में बिजली के खंभों पर बेतरतीब ढंग से लटक रहे इंटरनेट केबलों को लेकर नगर निगम ने सख्ती दिखाई है। रांची नगर निगम के अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने संबंधित कंपनियों को तीन दिनों के भीतर केबल व्यवस्थित करने का निर्देश दिया है। पहले चरण में कचहरी चौक से राजेंद्र चौक तक केबलों को ठीक किया जाएगा। तय समय में काम पूरा नहीं करने वाली कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कंपनियों को पहले भी दिया गया था निर्देश
इस मामले को लेकर शनिवार को अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें इंटरनेट सेवा देने वाली कंपनियों, केबल ऑपरेटरों और बिजली विभाग के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में रिलायंस, EDIPL, इंडस टावर, प्रोटो और बीएसएनएल समेत कई एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
बैठक में संजय कुमार ने कहा कि केबलों को व्यवस्थित करने के लिए कंपनियों को पहले भी कई बार निर्देश दिए गए थे, लेकिन इस दिशा में उचित कार्रवाई नहीं हुई। बिजली के खंभों पर लटकते तारों से शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है। उन्होंने सभी कंपनियों को जल्द से जल्द केबल व्यवस्थित करने का निर्देश दिया।
तीन दिनों में पूरा करना होगा काम
बैठक के बाद अपर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों के साथ कचहरी रोड का निरीक्षण किया। उन्होंने कचहरी चौक से राजेंद्र चौक तक तीन दिनों के भीतर सभी लटकते और अव्यवस्थित केबलों को ठीक करने को कहा। इसके बाद शहर के दूसरे प्रमुख मार्गों पर भी चरणबद्ध तरीके से काम किया जाएगा।
उन्होंने कंपनियों को आपसी तालमेल के साथ काम पूरा करने और भविष्य में केबल लगाने के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया।
केबल लगाने के लिए बनेगी SOP
बैठक में बिजली विभाग के प्रतिनिधियों ने बताया कि बिजली के खंभों पर इंटरनेट केबल लगाने और उन्हें व्यवस्थित रखने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की जा रही है। इसके तहत कंपनियों को तय मानकों के अनुसार केबल लगाना और उनका रखरखाव करना होगा।
नगर निगम ने स्पष्ट किया कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित रखना उसकी प्राथमिकता है। निर्धारित समय में निर्देशों का पालन नहीं करने वाली एजेंसियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



