फॉण्ट कनवर्टर NEW

लखनऊ: 1375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को मिला नियुक्ति पत्र, छलके आंसू

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सीएम योगी आदित्यनाथ ने 1,375 नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र बांटे, जिसके साथ ही पिछले 10 दिनों में कुल 6,672 युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल चुकी हैं।

अपनी भाषा में पढ़ें

Lucknow: उत्तर प्रदेश में सरकारी सेवा का सपना साकार होते ही सैकड़ों युवाओं की आंखें नम हो गईं। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सोमवार को आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) से चयनित 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र बांटे। मंच पर जब 11 चयनित अभ्यर्थियों को प्रतीकात्मक रूप से पत्र सौंपे गए, तो कई युवाओं का सालों के संघर्ष को याद कर गला रुंध गया। अभ्यर्थियों ने पूरी भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बताते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार जताया।

ससुराल की पहली महिला बनीं सरकारी अफसर

नियुक्ति पत्र हाथ में आते ही अभ्यर्थियों ने अपनी पारिवारिक परिस्थितियां और संघर्ष के दिन साझा किए। लखनऊ की श्रुति श्रीवास्तव ने बताया कि वह अपने पूरे ससुराल में सरकारी नौकरी पाने वाली पहली महिला बनी हैं। गर्भावस्था के दौरान उन्हें भविष्य और करियर को लेकर गहरी चिंता सताती थी, लेकिन इस चयन ने उन्हें नया हौसला और आत्मनिर्भरता दी है। वहीं कुशीनगर के सामान्य किसान परिवार से आने वाले आदित्य सिंह और कमजोर आर्थिक पृष्ठभूमि वाली गोरखपुर की ब्यूटी शाही ने कहा कि इस नौकरी से उनके परिवारों की तकदीर बदलेगी और उन्हें सीधे ग्रामीण स्तर पर जनसेवा का अवसर मिलेगा।

11 अभ्यर्थियों को मंच पर सीएम ने सौंपा पत्र

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रयागराज के आशुतोष त्रिपाठी, आगरा के ओम बघेल, गाजीपुर के प्रवीण कुमार, प्रतापगढ़ की सुधा, कुशीनगर के आदित्य सिंह, हमीरपुर की नेहा देवी, फतेहपुर की रूपाली गुप्ता, लखनऊ की श्रुति श्रीवास्तव, गोरखपुर की ब्यूटी शाही, गाजीपुर के शुभम कुमार और प्रतापगढ़ के अमित कुमार सिंह को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया और नियुक्ति पत्र प्रदान किए। सभी नवनियुक्त अधिकारियों ने तय समय पर भर्ती पूरी कराने और बिना किसी सिफारिश के चयन होने पर संतोष जताया।

10 दिनों में 6,672 युवाओं को सरकारी नौकरी

प्रदेश सरकार के ‘मिशन रोजगार’ अभियान के तहत पिछले 10 दिनों के भीतर यह चौथा बड़ा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम रहा। इससे पहले 19 सितंबर को लोकभवन में स्वास्थ्य, आयुष और एमएसएमई विभाग के 818 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिले थे। 20 सितंबर को पुलिस भर्ती बोर्ड से चयनित 912 उपनिरीक्षकों व सहायक उपनिरीक्षकों को और 22 सितंबर को शिक्षा सेवा चयन आयोग से 3,567 शिक्षकों व प्रधानाचार्यों को जॉइनिंग लेटर दिए गए थे। सोमवार को 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को शामिल करते हुए 19 से 28 सितंबर के बीच कुल 6,672 युवाओं को सरकारी सेवा में नियुक्ति मिल चुकी है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram