Ambala: हरियाणा के अंबाला शहर के धूलकोट इलाके में सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक ताश के पत्तों की तरह भरभराकर गिर गई। इस हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। इमारत के मलबे में कुल 17 मजदूर दब गए थे। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला और मलबे से दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाया।
नॉन-कंस्ट्रक्शन जोन में बन रही थी इमारत
प्रारंभिक जांच और सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, धूलकोट का यह इलाका नॉन-कंस्ट्रक्शन जोन के तहत आता है, जहां किसी भी प्रकार के बहुमंजिला निर्माण की अनुमति नहीं है। बावजूद इसके यहां धड़ल्ले से तीन मंजिला इमारत खड़ी की जा रही थी। इस अवैध निर्माण में अंबाला के एक चर्चित और रसूखदार बिल्डर का नाम सामने आ रहा है। मौके पर पहुंचे अंबाला के पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने स्पष्ट किया कि पुलिस ने मामले की गहन पड़ताल शुरू कर दी है। निर्माण अवैध होने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के हर पहलू की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर संबंधित बिल्डर व ठेकेदार पर सख्त कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।
अस्पताल लाते ही 4 मृत, 2 ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
अंबाला की मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. रेणु पांजनी ने बताया कि सुबह हादसे के तुरंत बाद घायलों को एंबुलेंस से अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल लाया गया था। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने चार मजदूरों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य गंभीर घायलों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मलबे से सुरक्षित निकाले गए 11 मजदूरों में से 7 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि 5 घायलों का अस्पताल में सघन इलाज चल रहा है। अस्पताल प्रशासन ने हालात को देखते हुए डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की विशेष टीम को अलर्ट मोड पर रखा है।
मृतकों में पूर्व सैनिक भी शामिल, यूपी-बिहार के थे मजदूर
मलबे में दबकर जान गंवाने वालों में मिस्त्री राजेंद्र (50, जलबेड़ा), शास्त्री (50, गरनाला), कालिया (50, बाराबंकी-यूपी) और रूप सिंह (55, लालड़ू-पंजाब) शामिल हैं। देर रात चले रेस्क्यू के दौरान मलबे से पंजाब के लालड़ू निवासी 55 वर्षीय पूर्व सैनिक मलकीत सिंह का शव भी निकाला गया, जो यहां साइट सुपरवाइजर का काम देख रहे थे। हादसे में घायल हुए मजदूरों में यूपी के गोंडा, अयोध्या व लखनऊ तथा बिहार के पूर्णिया, लखीसराय व शेखपुरा के रहने वाले सिया राम, सतीश, बलिंदर, फुल्लो कुमार, अशोक, वेद प्रकाश, बृजेश, राजेश, मंतोष और रुपेश कुमार शामिल हैं।




