कोडरमा: दुर्गा पूजा से पहले कोडरमा जिले की महिलाओं के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना के तहत जिले की हजारों लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में 2500 रुपये की किस्त भेज दी गई है। राशि खाते में पहुंचने के बाद महिलाओं में खुशी का माहौल है।
त्योहार से पहले पैसे मिलने से महिलाओं को घर के जरूरी खर्च और पूजा की खरीदारी में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे बाजार में भी त्योहार की खरीदारी को लेकर चहल-पहल बढ़ने की संभावना है।
हर महीने मिल रही 2500 रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना और उनकी जरूरतों में आर्थिक मदद करना है।
इस राशि से महिलाएं घर की जरूरतों और अन्य जरूरी खर्चों को पूरा कर रही हैं।
पैसा नहीं आया तो आधार सीडिंग और E-KYC जांचें
जिन लाभुक महिलाओं के खाते में अभी तक किस्त की राशि नहीं पहुंची है, उन्हें अपने बैंक खाते की स्थिति की जांच कराने की सलाह दी गई है। महिलाओं को यह भी देखना चाहिए कि उनके बैंक खाते में आधार सीडिंग और E-KYC की प्रक्रिया पूरी है या नहीं।
इन प्रक्रियाओं में कोई समस्या होने पर उसे जल्द ठीक कराने से आगे की किस्त मिलने में परेशानी कम हो सकती है।




