फॉण्ट कनवर्टर NEW

नोटिस मिलने पर भी मतदाताओं को दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं, BLO खुद पहुंचेंगे घर

मतदाता सूची सुधार के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया सरल, गड़बड़ी करने वाले BLO पर होगी सख्त कार्रवाई

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi: वोटर लिस्ट को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम-2026 को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग (ECI) द्वारा जारी संशोधित एवं सरलीकृत दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि वोटर लिस्ट में नो मैपिंग (No Mapping) या विसंगतियों (Anomalies) के कारण जिन नागरिकों को नोटिस जारी किए गए हैं, उन्हें अब ERO (निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी) या AERO कार्यालयों के चक्कर काटने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। नए नियमों के तहत संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) स्वयं ऐसे मतदाताओं के घर-घर जाकर आवश्यक दस्तावेज एकत्र करेंगे। BLO इन दस्तावेजों को ECINet/BLO App के माध्यम से अपलोड करेंगे, जिसके आधार पर अधिकारी निर्णय लेंगे।
केवल अति-असाधारण परिस्थितियों में ही सक्षम अधिकारियों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से सुनवाई की जाएगी। यदि आवश्यक हो, तो मतदाता अपने परिवार के किसी भी वयस्क सदस्य को इस ऑनलाइन सुनवाई में शामिल होने के लिए अधिकृत कर सकता है। इसके साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे आम जनता को भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक वेब पोर्टल (www.voters.eci.gov.in) का प्रयोग कर ऑनलाइन दस्तावेज अपलोड करने के लिए प्रेरित करें।
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सख्त रवैया अपनाते हुए निर्देश दिया कि कार्य में लापरवाही या अनुशासनहीनता बरतने वाले BLOs पर नियमानुसार कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी BLOs को निर्देश दिया कि वे राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों (BLA-2) के साथ बेहतर समन्वय बनाकर पुनरीक्षण कार्य को समय पर पूरा करें।
इस अवसर पर जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी बिवेक कुमार सुमन, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण समेत विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन अधिकारी एवं मान्यता प्राप्त दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram