फॉण्ट कनवर्टर NEW

GAIL के सड़क कार्यों पर नकेल, अधिकारियों को चेतावनी, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

काम खत्म होते ही सड़क पुरानी स्थिति में लौटाने और गड्ढे भरने का सख्त आदेश

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi: GAIL (गेल) द्वारा पाइपलाइन और निर्माण कार्यों के लिए खोदी जा रही सड़कों तथा उससे आम जनता को हो रही परेशानियों को लेकर जिला प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर अनुमण्डल पदाधिकारी सदर कुमार रजत की अध्यक्षता में गेल के वरिष्ठ अधिकारियों और संवेदकों (ठेकेदारों) के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एसडीएम सदर ने स्पष्ट शब्दों में हिदायत दी कि शहर में गेल द्वारा जहां भी सड़क काटकर या गड्ढा खोदकर पाइपलाइन बिछाने अथवा अन्य निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, काम पूरा होते ही सड़क को अनिवार्य रूप से उसकी मूल स्थिति में बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि खुदाई से पहले सड़क जैसी स्थिति में थी, काम खत्म होने के बाद उसे वैसा ही समतल और आवागमन योग्य बनाना संवेदकों की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।

सुरक्षा मानकों और बैरिकेडिंग का कड़ाई से पालन

निर्माण स्थलों पर हो रही दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा मानकों के कड़े पालन के आदेश दिए हैं। एसडीएम ने कहा कि कार्यस्थल पर अनिवार्य रूप से मजबूत बैरिकेडिंग की जाए, रात के समय चेतावनी संकेत और रिफ्लेक्टर लगाए जाएं। पैदल यात्रियों और वाहन चालकों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

गड्ढों को तुरंत भरने और सुगम यातायात की हिदायत

अक्सर देखने को मिलता है कि निर्माण कार्य के बाद लंबे समय तक गड्ढों को खुला छोड़ दिया जाता है, जिससे आम लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस पर नकेल कसते हुए अनुमण्डल पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि कार्य पूर्ण होते ही गड्ढों को तुरंत भरा जाए। किसी भी प्रोजेक्ट के कारण आम जनजीवन और यातायात लंबे समय तक बाधित नहीं होना चाहिए।

NHAI और पथ निर्माण विभाग (RCD) के साथ समन्वय

परियोजनाओं को बिना किसी बाधा और समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए गेल के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) और पथ निर्माण विभाग (RCD) के साथ बेहतर तालमेल और समन्वय स्थापित कर काम करें।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram