Patna: राज्य में हवाई संपर्क को नई ऊंचाई देने के लिए राज्य सरकार ने दो बड़े ग्रीनफील्ड हवाईअड्डों के निर्माण की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में भागलपुर के अजगैबीनाथ धाम और सारण के सोनपुर में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को दोनों हवाईअड्डों के मास्टर प्लान, रनवे डिजाइन और भूमि अधिग्रहण से जुड़ी प्रक्रियाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।
पहले चरण में 10,000 करोड़ रुपये का निवेश
समीक्षा बैठक के दौरान प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार, दोनों परियोजनाओं को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मोड पर तैयार किया जाएगा। पहले चरण में अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट पर ₹3,500 करोड़ और सोनपुर ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ₹6,500 करोड़ का भारी निवेश प्रस्तावित है। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रोजेक्ट के लिए आवश्यक जमीन के अधिग्रहण और बाहरी सड़क कनेक्टिविटी की पूरी लागत सरकार खुद वहन करेगी। अधिकारियों को ‘बिहार रैयती भूमि क्रय नीति, 2026’ के तहत जमीन खरीद की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है।
22 जिलों और श्रावणी मेले को बड़ा लाभ
अजगैबीनाथ धाम एयरपोर्ट के निर्माण से मुंगेर, लखीसराय, जमुई, भागलपुर, बांका, खगड़िया और बेगूसराय सहित आसपास के जिलों को सीधा हवाई संपर्क मिलेगा। साथ ही, सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ धाम में विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं का सफर बेहद आसान हो जाएगा। वहीं, सारण के सोनपुर में बनने वाला अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा बिहार के 22 जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों झारखंड और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए भी एक प्रमुख एविएशन हब बनकर उभरेगा।
बड़े विमानों का संचालन और कार्गो हब की तैयारी
मुख्यमंत्री ने दोनों एयरपोर्ट परिसरों में बड़े और चौड़े विमानों (वाइड-बॉडी एयरक्राफ्ट) के सुचारू संचालन के अनुकूल रनवे और आधुनिक एयर ट्रैफिक कंट्रोल इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर विशेष जोर दिया। सोनपुर में पैसेंजर सेवाओं के साथ-साथ बड़े पैमाने पर कार्गो टर्मिनल की व्यवस्था की जाएगी, जिससे उत्तर बिहार के फल, सब्जी और स्थानीय उत्पादों के निर्यात को पंख लगेंगे। बैठक में सांसद राजीव प्रताप रूड़ी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह और विभिन्न विभागों के प्रधान सचिवों व सचिवों की मौजूदगी में अंतर-विभागीय समन्वय बनाकर काम पूरा करने का खाका खींचा गया।




