फॉण्ट कनवर्टर NEW

शहर को कूड़ा-मुक्त बनाने के लिए सख्त कार्रवाई, नियम तोड़ने वाले होटलों पर लगा जुर्माना

Ranchi : रांची नगर निगम शहर को स्वच्छ और कूड़ा-मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में अपर प्रशासक संजय कुमार ने शनिवार को स्टेशन रोड क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निगम टीम ने विभिन्न होटलों और प्रतिष्ठानों

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi : रांची नगर निगम शहर को स्वच्छ और कूड़ा-मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में अपर प्रशासक संजय कुमार ने शनिवार को स्टेशन रोड क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निगम टीम ने विभिन्न होटलों और प्रतिष्ठानों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों और ट्रेड लाइसेंस से संबंधित अनुपालन की जांच की।

निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में स्वच्छता मानकों की अनदेखी पाई गई, जिस पर कार्रवाई करते हुए तीन प्रतिष्ठानों पर जुर्माना अधिरोपित किया गया।

  • द एलिमेंट होटल पर सड़क पर गंदा पानी बहाने के लिए ₹5,000 का जुर्माना लगाया गया।
  • खालसा रेस्टोरेंट पर डस्टबिन नहीं रखने के कारण ₹2,000 का जुर्माना लगाया गया।
  • होटल देवरी पर सड़क पर कचरा डंप करने के लिए ₹2,000 का जुर्माना लगाया गया।

अपर प्रशासक श्री कुमार ने स्पष्ट कहा कि शहर में गंदगी फैलाने वालों, दो डस्टबिन नहीं रखने वाले प्रतिष्ठानों, निर्माण मलबा (C&D वेस्ट) सड़क पर डालने वालों तथा कचरे के स्त्रोत पृथक्करण का पालन न करने वालों के खिलाफ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अधिनियम, 2016 एवं झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 की सुसंगत धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ रांची का लक्ष्य तभी संभव है जब नागरिक स्वयं जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने घरों और प्रतिष्ठानों में गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करें, दो डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखें और सड़कों पर कूड़ा न फेंकें।

निरीक्षण अभियान में सहायक प्रशासक चन्द्रदीप कुमार, राहुल यादव, नगर प्रबंधक, इनफोर्समेंट टीम एवं मेसर्स श्री पब्लिकेशन एंड स्टेशनर्स की टीम भी उपस्थित रही। रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि शहर को साफ-सुथरा और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सके।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram