K. Durga Rao.
कुकड़ू। प्रखंड के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरूम टोला, बुरुडीह स्थित यूएमएस विद्यालय परिसर में कथित रूप से पिछले एक माह से बालू का भंडारण किए जाने को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय के आंगन का इस्तेमाल बालू के भंडारण और रात के समय उसके परिवहन के लिए किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, तिरुलडीह क्षेत्र से रात के समय ट्रैक्टरों के जरिए बालू लाकर विद्यालय परिसर में जमा किया जाता है। इसके बाद हाइवा के माध्यम से बालू को दूसरे स्थानों पर ले जाने का आरोप है। रातभर भारी वाहनों और ट्रैक्टरों की आवाजाही से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता
ग्रामीण अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में इस तरह बालू जमा किए जाने को लेकर बच्चों की सुरक्षा पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। साथ ही रात के समय वाहनों के आवागमन से ग्रामीणों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ स्थानीय लोगों के संरक्षण में यह गतिविधि संचालित हो रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय परिसर शिक्षा के लिए निर्धारित है और इसका इस्तेमाल किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार के लिए नहीं होना चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन एवं खनन विभाग से मामले की जांच कर विद्यालय परिसर को बालू के कथित भंडारण से मुक्त कराने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से रात के समय होने वाले बालू के परिवहन की भी जांच कराने और विद्यालय परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।




