Patna: ग्रामीण विकास विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तथा जदयू विधायक दल के नेता सह यूपी जदयू के संगठन प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय एकता जदयू एक राष्ट्रीय सोच वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा और इसमें युवा एवं महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ानी होगी। यह जदयू के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर हुई चर्चा
रविवार को मंत्री श्री श्रवण कुमार ने राजगीर परिसदन में यूपी जदयू के प्रदेश सचिव श्री जयप्रकाश पटेल एवं अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आगामी यूपी विधानसभा चुनाव की रणनीतिक तैयारियों और जनसंवाद को लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा की। मंत्री ने कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारियों के साथ संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच संवाद बढ़ाने पर जोर दिया।
शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में काम का किया जिक्र
श्रवण कुमार ने कहा कि एनडीए सरकार ने यूपी में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में बेहतरीन काम किया है। उन्होंने कहा कि बिहार से यूपी तक श्री नीतीश कुमार के विकास और सुशासन के मॉडल की चर्चा हो रही है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सरकार के काम और पार्टी की सोच को जनता तक पहुंचाने के लिए लगातार जनसंवाद करें।
गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने की अपील
मंत्री श्री श्रवण कुमार ने उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जदयू की विकासवादी सोच और जनहितकारी योजनाओं को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ युवा एवं महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाना जरूरी है। इसके जरिए आगामी यूपी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों को और मजबूत किया जा सकेगा।




