Patna: सावन महीने में बिहार सरकार महादेव भक्तों और सोशल मीडिया पर रील एवं वीडियो बनाने वाले क्रिएटर्स को खास मौका दे रही है। प्रदेश में हर साल भव्य तरीके से आयोजित होने वाले श्रावणी मेला को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए पर्यटन विभाग ने प्रतियोगिता आयोजित की है। इसके तहत बेहतर कंटेंट तैयार करने वाले क्रिएटर्स को तीन लाख रुपये तक का पुरस्कार जीतने का मौका मिलेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सोशल मीडिया पर रील बनाने और यूट्यूब पर वीडियो तैयार करने वाले प्रतिभागियों को बिहार में आयोजित हो रहे सावन मेले और भगवान शिव की पूजा से जुड़ा कंटेंट तैयार करना होगा। इसका उद्देश्य बिहार की समृद्ध परंपरा और संस्कृति को देश-दुनिया तक पहुंचाना है।
रील और वीडियो के जरिए दिखानी होगी बिहार की संस्कृति
पर्यटन विभाग की इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कई युवा सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स भी काफी उत्सुक हैं। सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स का कहना है कि वे हर वर्ष सावन के महीने में बिहार के प्रमुख शिवालयों और श्रावणी मेले की गतिविधियों को अपने कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंचाते हैं। मुजफ्फरपुर स्थित गरीबनाथ मंदिर, भागलपुर के सुल्तानगंज और सोनपुर के हरिहरनाथ मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़, कांवरियों की यात्रा और भक्ति के माहौल से जुड़े वीडियो वे नियमित रूप से तैयार करते हैं। इस बार पर्यटन विभाग की ओर से श्रावणी मेला और भगवान शिव की आराधना पर बेहतर वीडियो कंटेंट तैयार करने वाले क्रिएटर्स को पुरस्कार दिए जाने की घोषणा से उनमें खासा उत्साह है।
प्रथम स्थान वाले वीडियो क्रिएटर को 3 लाख रुपये
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले वीडियो क्रिएटर को तीन लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। हालांकि, प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए एक जरूरी शर्त भी रखी गई है। इसके तहत प्रतिभागी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कम से कम 25 हजार फॉलोअर्स होना अनिवार्य है। पर्यटन विभाग की पहल के जरिए श्रावणी मेला, भगवान शिव की आराधना, कांवरियों की यात्रा और बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं को सोशल मीडिया के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
क्या कहते हैं युवा

बिहार सरकार द्वारा भव्य श्रावणी मेला पर अच्छा कंटेंट तैयार करने पर 3 लाख तक का पुरस्कार रखा गया है। इसके लिए हमारी टीम ने तैयारी शुरू कर दी है। जल्द ही हमारी टीम बांका व भागलपुर में कांवरियों के बीच उनकी यात्रा को रील व वीडियो के माध्यम से अपने दर्शकों तक पहुंचायेंगे। – सुमन कुमार, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स

सोशल मीडिया पर श्रावणी मेला पर रील बनाने पर पुरस्कार जीतने का मौका मिलेगा। इसकी जानकारी मिलते ही हमारी टीम में नयी ऊर्जा का संचार शुरू हो गया है। जल्द ही हम इसपर काम शुरू कर इस प्रतियोगिता में भाग लेकर यह पुरस्कार अपने नाम करेंगे। -सचिन कुमार, इंफ्लुएंसर्स




