पलामू : पलामू के नावाबाजार थाना क्षेत्र स्थित पड़वा मोड़ के पास रविवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ। यहां दो हाइवा वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक हाइवा का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और टक्कर के बाद वाहन के अंदर फंस गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क की खराब स्थिति के कारण एक हाइवा का अचानक ब्रेक फेल हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और आगे चल रहे हाइवा में जा टकराया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही नावाबाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को वाहन से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया। घायल चालक का इलाज जारी है।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।




