रांची: कडरू स्थित रांची के हज हाउस में रविवार को ‘फ्रेंड्स ऑफ वीकर्स सोसाइटी’ के तत्वावधान में प्रतिभा सम्मान समारोह, स्कॉलरशिप डिस्ट्रीब्यूशन सह काउंसलिंग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर 2026 की CBSE, ICSE और JAC बोर्ड की 10वीं व 12वीं परीक्षा में 85 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले राज्यभर के 330 मेधावी मुस्लिम छात्र-छात्राओं को मोमेंटो, सर्टिफिकेट और नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो छात्रों को विशेष ‘एपीजे अब्दुल कलाम एक्सीलेंस अवॉर्ड’ के तहत लैपटॉप प्रदान किया गया। इनमें JAC बोर्ड 10वीं में राज्य स्तर पर तीसरा स्थान पाने वाले महताब अंसारी (98.8%) और 12वीं साइंस की स्टेट टॉपर रशीदा नाज (97.8%) शामिल हैं। इसके अलावा सबनासिब ममाशा, सफिया रानी, आसिफा अहमद, इकरा फातिमा, ज़रतब जावेद खान जैसे कई बोर्ड टॉपर्स को मंच पर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाफिजुल हसन ने सोसाइटी की पहल की सराहना करते हुए घोषणा की कि रांची के हज भवन में जल्द ही ‘मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कोचिंग योजना’ शुरू होने जा रही है। इसके तहत अल्पसंख्यक छात्र-छात्राओं को JPSC और JSSC की परीक्षाओं के लिए बिल्कुल मुफ्त कोचिंग दी जाएगी।
विशिष्ट अतिथि देश-दुनिया के मशहूर उर्दू शायर डॉ. नवाज देवबंदी ने छात्र-छात्राओं को ईमानदारी और नैतिकता के रास्ते पर चलने की सीख दी। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को समय देने और बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने की अपील की। वहीं, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि यह संस्था झारखंड की शान है और अभिभावकों को लड़कियों को पढ़ाई के लिए बाहर भेजने से नहीं डरना चाहिए।
सोसाइटी के अध्यक्ष तनवीर अहमद ने स्वागत भाषण में सभी को विश्व आदिवासी दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि बच्चों की मेहनत और हौसले को सलाम करने का दिन है। महासचिव कमर सिद्दीकी ने संस्था की रिपोर्ट पेश की। कार्यक्रम में अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष शमशेर आलम, राजमहल विधायक एमटी राजा, कृषि सचिव अबू बकर सिद्दीकी, डीआईजी नौशाद आलम सहित शिक्षा और समाज सेवा क्षेत्र से जुड़ी कई हस्तियां शामिल हुईं।





